दक्षिण भारतीय फिल्म ‘जर्सी’ के हिंदी रीमेक में विद्या के रूप में अपने सीमित लेकिन प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए मृणाल ठाकुर को खूब प्रशंसा मिल रही है। हाल ही में मृणाल ठाकुर की ओरिजनल फिल्म के लीड स्टार के साथ एक अचानक मुलाकात हो गई। दोनों हैदराबाद में एक ही जगह पर अलग अलग वजहों से मौजूद थे और इस मुलाकात के दौरान मृणाल ठाकुर को तेलुगु सुपरस्टार नानी की शख्सियत का करीब से अंदाजा भी हुआ।
विज्ञापन
हुआ यूं कि मृणाल इन दिनों हैदराबाद में दुल्कर सलमान के साथ अपनी अगली फिल्म की शूटिंग कर रही हैं। वहीं नानी भी मौजूद थे तो उनसे मिलने का मोह मृणाल संभाल नहीं पाईं। नानी से मिलने के बाद मृणाल मंत्रमुग्ध सी दिखीं। वहीं नानी ने मृणाल और शाहिद अभिनीत रीमेक के लिए अपनी खुशी भी साझा की।
मृणाल ने कहा, “नानी बहुत विनम्र और इतने प्यारे थे। यहां तक कि उन्होंने मेरे साथ रीमेक देखने के लिए अपना उत्साह भी साझा किया और मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि वह इसके बारे में क्या सोचते हैं। जब मैंने ओरिजिनल फिल्म देखी तो श्रद्धा और उनके प्रदर्शन ने मुझे इस फिल्म में काम करने के लिए मजबूर कर दिया। इसलिए मुझे खुशी है कि मैं उनसे व्यक्तिगत रूप से मिल सकी।"