अभिनेता विवेक ओबेराय ने 'कम्पनी' फिल्म में चंदू और 'साथिया' में आदित्य का किरदार निभाया था। इन दोनों ही किरदारों की झलक विवेक ओबराय की आने वाली फिल्म 'जयंतभाई की लव स्टोरी' में देखने को मिल सकती है। दर्शकों को इस फिल्म में विवेक ओबराय के दो शेड नजर आएंगे।
15 फरवरी को रिलीज हो रही इस फिल्म पर चर्चा करते हुए विवेक ओबेराय ने कहा कि कुमार तौरानी जी ने मुझे बुलाकर कहा कि उनके पास मेरे लिए एक पटकथा है। विनील मरकन ने मुझे कहानी सुनाई। इसका किरदार मेरी पुरानी फिल्म 'कम्पनी' और 'साथिया' के किरदार से मेल खाता है जो मुझे पसंद आया।
विवेक ने कहा कि उन दोनों किरदारों और जयंतभाई के किरदार में काफी समानताएं हैं। उन्होंने कहा कि मैं निजी जिंदगी में एक साधारण लड़का हूं लेकिन किरदार और मुझमें एक समानता है। जब मेरी पत्नी प्रियंका मुझे कोई काम देती हैं तो मैं कभी मना नहीं करता। वह भी जानती हैं कि मैं कभी मना नहीं करूंगा। ठीक ऐसा ही फिल्म में भी है, जयंत भी कभी मना नहीं कर सकता।
'जयंतभाई की लव स्टोरी' में विवेक की हीरोइन नेहा शर्मा हैं और यह फिल्म 15 फरवरी को प्रदर्शित हो रही है। इस फिल्म के साथ भट्ट कैंप की फिल्म 'मर्डर 3' रिलीज हो रही है। इस फिल्म के रिलीज होने के अगले शुक्रवार यानी कि 22 फरवरी को विवेक ओबेराय की फिल्म 'जिला गाजियाबाद' रिलीज होगी।