Jay Om Prakash Birth Anniversary: आज ऋतिक के नाना, राकेश रोशन के ससुर और बॉलीवुड के मशहूर निर्माता-निर्देशक जय ओम प्रकाश की जयंति है। आज उनकी जयंति के अवसर पर आपको उनकी जिंदगी से जुड़े कुछ अन्छुए पहलुओं के बारे में बताते हैं।
बॉलीवुड फिल्मों के मशहूर निर्माता-निर्देशक जय ओम प्रकाश का जन्म 24 जनवरी 1927 को लाहौर में हुआ था। जय ओम प्रकाश ने 'आप की कसम', 'आक्रमण', और 'आदमी खिलोना है' जैसी कई फिल्मों का निर्देशन किया। जय ओम प्रकाश की आज जयंति के अवसर पर जानते हैं कि उनकी ज्यादातर फिल्मों के नाम दो खास अक्षरों से होते थे।
विज्ञापन
ऋतिक के नाना थे जय ओम प्रकाश
जय ओम प्रकाश की बेटी पिंकी की शादी निर्माता-निर्देशक राकेश रोशन से हुई है, उस नाते ऋतिक के नाना लगे जय ओम प्रकाश। जे ओम प्रकाश ने अपने करियर के दौरान कई हिट फिल्में दी हैं, लेकिन उनका फिल्मी सफर आसान नहीं था। उन्होंने अपने शुरुआती दौर में काफी संघर्ष किया।
सभी फिल्मों का नाम 'अ' या 'आ' से क्यों रखते थे
जय ओम प्रकाश ने 'आप की कसम', 'आक्रमण', 'आशिक हूं बहारों का', 'आखिर क्यों?' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया, जिसमें राजेश खन्ना मुख्य नायक थे। उनकी बाकी सफल निर्देशित फिल्मों में अपनापन, आशा, अपना बना लो, अर्पण और आदमी खिलोना है जैसी फिल्में शामिल हैं, जिसमें जीतेन्द्र मुख्य भूमिकाओं में नजर आए। उनकी ज्यादातर फिल्मों का नाम 'अ' अक्षर या 'आ' से ही शुरू होता था। ऐसा इसलिए क्योंकि वह इन दोनों अक्षरों को काफी लकी मानते थे। दिलचस्प बात तो यह है कि उनके दामाद राकेश रोशन का हाल कुछ ऐसा ही है। राकेश रोशन की भी ज्यादातर फिल्मों का नाम 'क' अक्षर से शुरू होता है।
मुंबई में किया था स्पॉट ब्वॉय के रूप में काम
यह ओम प्रकाश की जिंदगी में एक वक्त ऐसा भी था, जब वह छोटी- मोटी नौकरी के लिए मोहताज थे। मुंबई आने के बाद जय ओम प्रकाश ने एक स्पॉट ब्वॉय के रूप में काम किया। कथित तौर पर एक पुराने इंटरव्यू में जय ओम प्रकाश ने बताया था कि स्पॉट ब्वॉय के तौर पर काम करने के दौरान उन्होंने फिल्मों में और भी कई छोटे- मोटे काम किए थे। कथित तौर पर ऋतिक के नाना को मुशायरों को बहुत शोक था, इसलिए वह अक्सर मुशायरों में जाया करते थे।
बतौर निर्देशक पहली हिट फिल्म
1974 में आई 'आप की कसम' उनके करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई। इस फिल्म में राजेश खन्ना, मुमताज और संजीव कुमार ने मुख्य भूमिका निभाई। इस फिल्म को प्रकाश साहब के करियर की पहली हिट फिल्म भी माना जाता है। उसके बाद उन्होंने एक के बाद एक कई हिट फिल्में दीं।
ऋतिक के काफी नजदीक थे
जय ओम प्रकाश अपने नाती ऋतिक रोशन के काफी करीब थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जय ओम प्रकाश चाहते थे कि उनके गुजर जाने के बाद ऋतिक रोशन ही उनका अंतिम संस्कार करें।