दोस्ती पार्टी में हुई थी पहली मुलाकात
जय भानुशाली और माही विज फिल्मी स्टाइल में एक कॉमन दोस्त की शादी में पहली बार मिले। हालांकि, तब इनके बीच प्यार और आकर्षण जैसा कोई सीन नहीं था। सामान्य बातचीत हुई। करीब सालभर बाद दोनों की मुलाकात एक बार फिर हुई। उस दौरान दोनों अपने दोस्तों के साथ आउटिंग पर थे। यहां से इनकी दोस्ती मजबूत हुई और फिर धीरे-धीरे प्यार में तब्दील हुई। साल 2009 में नए साल की शाम जय ने माही को प्रपोज किया।
माही विज और जय भानुशाली
- फोटो : इंस्टाग्राम
डेटिंग के वक्त परवान चढ़ा इश्क
जय भानुशाली और माही ने काफी वक्त तक एक-दूसरे को डेट किया। डेटिंग के दौरान इनका इश्क और परवान चढ़ा और दोनों ने जिंदगीभर साथ रहने का फैसला किया। साल 2011 में इन्होंने करीबी दोस्तों और परिवार के बीच शादी रचा ली। साल 2017 में इस कपल ने दो बच्चों- खुशी और राजवीर को गोद लिया। अगस्त 2019 में कपल के घर बेटी तारा का जन्म हुआ। जय और माही का घर तीन बच्चों की किलकारी और प्यार से गुलाजर रहने लगा।
जय और परिवार के लिए माही ने किया काफी कुछ न्योछावर
जय और माही की शादीशुदा जिंदगी बेहद खूबसूरत और आदर्श रही है। अमर उजाला के साथ एक इंटरव्यू में खुद जय ने एक बार यह कहा था कि माही ने उनके लिए अपना काफी कुछ न्योछावर किया है। जय से पूछा गया था कि एक पति पत्नी के रिश्ते में माही आपका कितना साथ देती हैं? इस पर जय ने कहा था, 'माही वह इंसान हैं, जिन्होंने मेरे काम के लिए अपना बहुत कुछ न्योछावर कर दिया है। मैं काम में अक्सर व्यस्त होता था और जब आपको पता है कि आपका पति है फिर भी सारी जिम्मेदारियां आप पर हैं तो वह अपने आप में बड़ी बात है'।
जय ने बताया था शादी का मतलब
जय ने कहा था, 'मेरे तीन बच्चे हैं और मुंबई शहर में रह कर तीनों बच्चों का अच्छे से ख्याल रखना, उनकी पढ़ाई लिखाई और रोजमर्रा की चीजों का ध्यान रखना तो ये चीजें उन्होंने अकेले संभाली है। मैं शूटिंग के लिए उमरगांव आया हूं तो सारी चीजें वह ही कर रही हैं, लेकिन जिस तरह से उन्होंने चीजों को संभाला है वह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। इसके साथ ही उन्होंने मुझे हमेशा प्रेरित किया है और कहा कि आप बस अपना काम मन लगा कर करिए बाकी सब मैं देख लूंगी। विवाहित होना सिर्फ पति पत्नी होना नहीं है, ये एक दूसरे के काम का ख्याल रखना और उसकी इज्जत करना भी है'। अब अचानक इनके तलाक की अफवाह ने फैंस को चौंका दिया है।