जान्हवी कपूर अपने करियर में अब संजीदा किरदारों को निभाने की कोशिश में लगी हुईं। हाल ही में फिल्म ‘होमबाउंड’ में भी उनके किरदार को कान फिल्म फेस्टिवल में सराहा गया। इसका श्रेय जान्हवी फिल्म के निर्देशक नीरज घेवान को देती हैं। वह आगे भी इस निर्देशक के साथ काम करने की इच्छा रखती हैं।
फिल्म में पेड़ बनने को तैयार जान्हवी
डेडलाइन हॉलीवुड से की गई हालिया बातचीत में जान्हवी कहती हैं, ‘फिल्म ‘होमबाउंड’ की शूटिंग खत्म करने के बाद मैंने नीरज घेवान सर को मैसेज भेजा और कहा कि मुझे कोई दिक्कत नहीं है अगर आपकी अगली फिल्म में बैकग्राउंड में एक पेड़ का रोल निभाने को मिले। मुझे बस उनके साथ काम करना है।’ जान्हवी का मानना है कि नीरज घेवान की फिल्म का हिस्सा बनना एक एक्टर के लिए गर्व की बात है।
ये खबर भी पढ़ें:
Cannes 2025: आलिया-ऐश्वर्या की साड़ी से लेकर जान्हवी के रेट्रो लुक तक, यहां देखें कान 2025 के वायरल लुक
क्या थी होमबाउंड की कहानी
फिल्म ‘होमबाउंड’ दो दोस्तों की कहानी है, जो पुलिस की नौकरी पाने की चाह रखते हैं। इसके लिए अपने गांव से बाहर निकलते हैं। आगे चलकर वह जब अपने लक्ष्य के करीब पहुंचते हैं तो उनके बीच काफी कुछ बदलने लगा। फिल्म में ईशान खट्टर और विशाल जेठवा ने दो दोस्तों के रोल किए हैं, वहीं जान्हवी भी एक अहम किरदार में नजर आएंगी। इस फिल्म को कान फिल्म फेस्टिवल में स्टैंडिंग ओवेशन भी मिला।
जान्हवी की आने वाली फिल्म
जान्हवी कपूर की अगली फिल्म ‘परम सुंदरी’ है। इस फिल्म में वह सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ नजर आएंगी। ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ नाम की फिल्म भी जान्हवी कर रही हैं। इसके अलावा अगले साल रिलीज होने वाली एक साउथ फिल्म ‘पेड्डी’ में भी जाहन्वी अभिनय करती नजर आएंगी। इस फिल्म में वह राम चरण के साथ नजर आएंगी।