सफलता कलाकारों को स्वार्थी बना देती है। ऐसा ही कुछ इन दिनों श्रीलंकाई अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस के साथ हो रहा है। पिछले दिनों खबर थी जैकलीन फर्नांडिस अपनी अगली फिल्म के प्रमोशन के दौरान इस बात पर तवज्जो नहीं दे रहीं कि उनके बार-बार ड्रेस बदलने में लग रहे वक्त से को-स्टार टाइगर श्रॉफ परेशान हो रहे हैं। क्योंकि समय बेकार जा रहा है। अब खबर टीवी इंडस्ट्री से आ रही है।
इन दिनों जैकलीन एक टीवी शो में दिख रही हैं। वह इस डांस रीयलिटी शो को करन जौहर, फरहा खान और गणेश हेगड़े के साथ जज कर रही हैं। असल में टाइगर वाली की समस्या यहां भी पेश आ रही है कि जैकलीन यह नहीं देखतीं कि उनकी वजह से दूसरे का समय बेकार हो रहा है। शो से जुड़े सूत्रों की मानें तो जैकलीन शूटिंग के बीच में लंबे-लंबे ब्रेक लेती हैं। उनकी वजह से अन्य लोगों को खाली बैठना पड़ता है।
शो के क्रू सदस्य तो यहां तक कह रहे हैं कि जैकलीन सिरदर्द हैं। कई बार वह शूट के बीच में दो घंटे का ब्रेक ले लेती हैं। जैकलीन के साथी जज तथा सेलेब्रिटी डांसर भले ही उनके नए-नए स्टारडम की वजह से खामोश हैं मगर बाकी लोग कानाफूसी करने से नहीं रुकते। जैकलीन के लंबे ब्रेक्स की वजह से शूटिंग में अक्सर देर होती होती है और नतीजा पोस्ट प्रोडक्शन पर पड़ता है। वैसे यह नहीं है कि शूटिंग के दौरान ब्रेक की व्यवस्था है ही नहीं। सबको लंच ब्रेक मिलता है और इसके साथ तीन बार आधे-आधे घंटे का ब्रेक अलग है।