फिल्मों और बॉयफ्रेंड को लेकर होने वाली लड़ाइयां बॉलीवुड में कोई नई बात नहीं है। सोनाक्षी सिन्हा और जैकलीन फर्नांडिज के बीच यूं तो इस मामले को लेकर कोई सीधी तनातनी नहीं थी लेकिन फिल्मी गलियारों की चर्चा को मानें तो दोनों में कुछ मनमुटाव जरूर था। बताया जाता है कि जैकलीन के कारण सोनाक्षी दरअसल दो कारणों से खुद को असुरक्षित महसूस कर रही थीं। एक तो उनके ‘दबंग’ हीरो सलमान खान के साथ अचानक जैकलीन की नजदीकियां बढ़ने की खबरें उन्हें परेशान कर रही थी। खबरें आ रही थीं कि सलमान पर जैकलीन का जादू ऐसा चला है कि इन दिनों वे अपने फिल्म निर्देशकों से इस सुंदरी को लेने की सिफारिशें कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि जैकलीन सलमान की फिल्म ‘किक’ की हीरोइन हैं। इससे पहले सलमान सोनाक्षी को आगे बढ़ा रहे थे।
शाहिद भी बने हैं वजह
सोनाक्षी की परेशानी का दूसरा कारण था, शाहिद कपूर। ‘आर... राजकुमार’ के इस हीरो के साथ सोनाक्षी के प्यार की खबरें लंबे समय से मीडिया में हैं और कुछ दिन पहले एक रात शाहिद को जैकलीन के साथ मुंबई के एक रेस्तरां में साथ डिनर करते देखा गया था। इन खबरों ने सोनाक्षी की नींदें उड़ा दी थीं। हालांकि शाहिद और सोनाक्षी ने कभी मीडिया में स्वीकार नहीं किया है कि दोनों के बीच प्रेम है। वे केवल इतना कहते हैं कि हम अच्छे दोस्त हैं।
अब सुकून में हैं सोनाक्षी
अब सूत्र खबर लाए हैं कि सोनाक्षी और जैकलीन के बीच का तनाव और शिकायतें खत्म हो गई हैं। आखिर ऐसा क्या हुआ? बताया जा रहा है कि दोनों के बीच इस बात को लेकर परेशानी थी कि जल्द ही उन्हें एक म्युजिकल वर्ल्ड टूर पर साथ जाना है और इसमें शाहिद कपूर भी रहेंगे। ऐसे में वे शाहिद की मौजूदगी में एक-दूसरे का सामना कैसे करेंगी? तय है कि शाहिद भी दोनों से दोस्ती निभाएंगे। परंतु अब खबर है कि शाहिद इस वर्ल्ड टूर से अलग हो गए हैं। नतीजा यह निकला कि इन दोनों सुंदरियों ने अपने बीच के तनाव को दरकिनार करने का फैसला किया है। इस वर्ल्ड टूर श्रद्धा कपूर और हुमा कुरैशी भी जाने वाली हैं।
अब जैकलीन भी खुश हैं
खैर, यह तय हो चुका है कि वर्ल्ड टूर में जिन लोगों को जैकलीन और सोनाक्षी के बीच किसी उठापटक की आशंका थी वह अब खत्म हो गई है। दोनों हीरोइनें इन दिनों एक-दूसरे की तारीफ के पुल बांध रही हैं। हाल में एक कार्यक्रम में जैकलीन ने कहा, ‘सोनाक्षी एक शानदार ऐक्टर और इंसान हैं। मैं इंतजार कर रही हूं कि हम लोग कब वर्ल्ड टूर पर जाएंगे। मुझे पूरा भरोसा है कि सोनाक्षी के साथ मेरा वक्त अच्छा बीतेगा।’ वहीं सोनाक्षी भी जैकलीन के जैसी ही उम्मीद जाहिर कर रही हैं। वैसे सूत्रों का कहना है की सोनाक्षी का मन आसानी से नहीं बदला है। जैकलीन की सलमान के साथ नजदीकियों के बाद वह समझ चुकी हैं कि अब उन्हें इस सुंदरी से जल्दी-जल्दी मिलते रहना पड़ेगा क्योंकि खुद सोनाक्षी की सलमान से मुलाकातें होती रहती हैं। अतः सोनाक्षी नहीं चाहतीं कि जैकलीन से छत्तीस का आंकड़ा रख कर सलमान की नाराजगी मोल लें। वाकई अगर ऐसा है तो मानना पड़ेगा कि सिन्हा गर्ल दूर की नजर रखती हैं।