साल 1980 की बेहद चर्चित फिल्म - द बर्निंग ट्रेन की रीमेक बनाने के लिए बीआर फिल्म्स के क्रिएटिव प्रोड्यूसर जूनो चोपड़ा ने पूजा फिल्म्स से हाथ मिलाया है। जूनो ने हाल ही में पति-पत्नी और वो, इत्तेफाक और बरेली की बर्फी जैसी फिल्मों को प्रोड्यूस किया है। अपने समय से आगे की एक्शन-थ्रिलर स्टोरी, द बर्निंग ट्रेन को अपने समय की क्लासिक एक के रूप में याद किया जाता है। हालांकि बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म फ्लॉप रही थी।
जूनो चोपड़ा कहते हैं "इस जुड़ाव को लेकर मैं बहुत उत्साहित हूं। द बर्निंग ट्रेन हमेशा से मेरी पसंदीदा फिल्म रही है। मेरे पिता ने इसका निर्देशन किया था। मैं फिल्म का अपना वर्जन बनाने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। फ़िलहाल हम डायरेक्टर और लीड कास्ट को साइन करने के कगार पर हैं ,जिसके बारे में हम जल्दी ही घोषणा करेंगे।"
'द बर्निंग ट्रेन' 1980 में रिलीज़ हुई थी। जैसा कि नाम से ही जाहिर है, फिल्म की कहानी सुपर एक्सप्रेस नाम की एक ट्रेन के इर्द-गिर्द घूमती है जिसमें अपने पहले ही सफर के दौरान आग लग जाती है। फिल्म में धर्मेंद्र, हेमा मालिनी, विनोद खन्ना, परवीन बाबी, जीतेंद्र और नीतू सिंह सहित बॉलीवुड के कई दिग्गज मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म का निर्देशन रवि चोपड़ा ने किया था जबकि बी आर फिल्म्स इसके निर्माता थे। इस रीमेक के निर्देशक की घोषणा जल्द ही की जाएगी और फिल्म साल के अंत तक फ्लोर पर जाएगी।