अपनी पहली ही फिल्म बियॉन्ड द क्लाउड्स से फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों का ध्यान अपनी तरफ खींचने वाले ईशान खट्टर की दो नई फिल्मों का ऐलान जल्द होने वाला है। ईशान के करीबी सूत्रों के मुताबिक इन दोनों फिल्मों को लेकर पिछले कई हफ्तों से बैठकों के दौर चल रहे थे और इन दोनों फिल्मों के लिए ईशान ने न सिर्फ हां कर दी है बल्कि इसके लिए जरूरी लिखा पढ़ी भी पूरी हो गई है।
ईशान ने शुरू से ही अपने करियर को कुछ इस तरह आगे बढ़ाया है कि उनके भीतर के कलाकार को परदे पर कुछ न कुछ अलग करने का मौका मिलता रहे। इसी के चलते उन्होंने अपनी पहली फिल्म किसी मसाला हिंदी सिनेमा के निर्देशक के साथ करने क बजाय मशहूर अंतर्राष्ट्रीय फिल्म मेकर मजीद मजीदी के साथ की। इसके बाद धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्म धड़क में भी ईशान के अभिनय की काफी तारीफ हुई।
धड़क के बाद तमाम फिल्म मेकर्स ने ईशान से मुलाकात की और अपनी अपनी फिल्मों की कहानियां सुनाईं। विशाल भारद्वाज की फिल्म को लेकर भी ईशान की बात हुई लेकिन इस फिल्म में अपना किरदार उन्हें ज्यादा पसंद नहीं आया। अपने भाई शाहिद कपूर से लंबी चर्चा के बाद ईशान ने ये फिल्म छोड़ी।
ईशान के करीबी सूत्र बताते हैं कि उन्होंने जो दो नई फिल्में साइन की हैं, उनमें उनके किरदार हिंदी सिनेमा के आम नायकों से बिल्कुल जुदा हैं और इन दोनों फिल्मों का ऐलान होते ही ईशान फिर से लाइमलाइट में आ जाएंगे।