मानसून वेडिंग, द नेमसेक, सलाम बॉम्बे जैसी फिल्मों का निर्देशन करने वाली अमेरिकी भारतीय निर्देशक मीरा नायर की अगली ड्रामा मिनी सीरीज 'ए सूटेबल ब्वॉय' का पहला ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में युवा अभिनेता ईशान खट्टर और वरिष्ठ अभिनेत्री तब्बू के बीच का रोमांस देख लोगों की निगाहें अभी से इस सीरीज पर टिकने लगी हैं। हल्की हल्की मूंछों वाले ईशान लोगों को इस ट्रेलर में खूब भा रहे हैं।
विक्रम सेठ के लिखे उपन्यास से प्रेरित वेब सीरीज ए सूटेबल ब्वॉय को वितरित करने की जिम्मेदारी बीबीसी स्टूडियोज और विनयार्ड फिल्म्स ने उठाई है। इस सीरीज में तब्बू, इशान खट्टर, तान्या मानिकतला, रसिका दुगल, राम कपूर आदि कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का ट्रेलर बनारस के एक घाट के सामने बहती नाव से शुरू होता है और कहानी की पर्तें इस ट्रेलर में धीरे धीरे खुलती जाती हैं।