फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इरफान के सामने आया अब एक नया 'ग्रैंड' संकट

Thu, 07 Jul 2016 05:28 PM IST
रवि बुले/ अमर उजाला, मुंबई ब्यूरो
विज्ञापन
इरफान खान
विज्ञापन
अमिताभ बच्चन स्टारर तीन को सामने देख कर इरफान खान ने अपनी फिल्म 'मदारी' की रिलीज डेट बदल दी थी। वह किसी से अनावश्यक टक्कर के बजाय होम प्रोडक्शन फिल्म के लिए सुरक्षित रिलीज चाहते थे। मगर इंद्र कुमार ने अपनी 'ग्रेट ग्रैंड मस्ती' को 15 जुलाई यानी मदारी के साथ ही रिलीज करने का फैसला किया है।
विज्ञापन

इरफान ने मदारी में निभाया एक अलग रोल

इरफान खान
लंबे समय बाद अभिनेता इरफान खान की ऐसी फिल्म आ रही है जिसकी कहानी केवल उनके इर्द-गिर्द घूमती है। इससे पहले इरफान केंद्रित फिल्म पान सिंह तोमर 2012 में आई थी। मदारी की सफलता को लेकर इरफान काफी आश्वस्त थे और इसे जबरदस्त ढंग से प्रमोट कर रहे थे लेकिन अब उनके लिए चिंता पैदा करने वाली खबर आई है। मदारी 15 जुलाई को अकेले रिलीज होनी थी जबकि ऐन मौके पर निर्माता-निर्देशक इंद्र कुमार की एडल्ट कॉमेडी 'ग्रेट ग्रैंड मस्ती' रिलीज के लिए मदारी के सामने आ खड़ी हुई है।

जानकार इसे इरफान के लिए जबरदस्त झटका मान रहे हैं। ग्रेट ग्रैंड मस्ती 22 जुलाई को रिलीज होनी थी लेकिन मंगलवार को यह इंटरनेट की दुनिया में लीक हो गई। जब तक निर्माता साइबर क्राइम विभाग में शिकायत करते और डाउनलोड लिंक हटवा पाते उनका काफी नुकसान हो गया। नुकसान को अब कम करने के लिए निर्माता ने इसे तय तारीख से एक हफ्ते पहले सिनेमाघरों में लाने का निर्णय किया है। इस कॉमेडी में विवेक ओबेराय, रितेश देशमुख, आफताब शिवदसानी और उर्वशी रौतेला मुख्य भूमिकाओं में हैं।
 

ग्रेड ग्रांड मस्ती से इरफान को झटका

मदारी में इरफान खान
सूत्रों की मानें तो इंद्र कुमार की फिल्म आने से इरफान खेमे को झटका लगा है। इरफान फिल्म के निर्माताओं में से एक हैं। अतः फिल्म के लाभ-हानि से भी प्रभावित होंगे। इरफान ने जब मीडिया में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया था तब इसकी रिलीज डेट 10 जून थी। मगर उसी तारीख को अमिताभ बच्चन-नवाजुद्दीन सिद्दिकी स्टारर फिल्म तीन भी रिलीज हो रही थी। इरफान उनसे टकराव नहीं चाहते थे।

उनके मन में यह भी था कि साथ रिलीज होने पर उनके और नवाजुद्दीन के काम की तुलना होगी। फिल्म लंचबॉक्स में दोनों सितारों ने एकसाथ काम किया था। उसके बाद से ही कुछ कारणों के चलते दोनों के संबंध सहज नहीं रह गए थे।
विज्ञापन

इरफान को मदारी से काफी उम्मीद

इरफान खान
तीन की खबर के बाद इरफान ने मदारी की रिलीजिंग डेट 15 जुलाई कर दी थी। मगर अचानक अब इंद्र कुमार की सेक्स कॉमेडी भी उसी दिन आ गई है। मदारी की समस्या निर्देशक निशिकांत कामत का नाम भी है, जिनकी पिछली फिल्म रॉकी हैंडसम जॉन अब्राहम जैसे सितारे के बावजूद बुरी तरह पिटी थी। मदारी और खुद को सुर्खियों में लाने के लिए इरफान दो हफ्ते से काफी सक्रिय हैं। इस्लाम की परंपराओं को लेकर विवादास्पद बयान देने से लेकर लालू यादव तक का इंटरव्यू वह कर रहे हैं। ग्रेट ग्रैंड मस्ती सामने आ जाने से जानकार मान रहे हैं कि इरफान का रास्ता बाधित हो गया है।

मस्ती सीरीज की पिछली दोनों फिल्में कामयाब थीं। जबकि इरफान की मदारी ऑफबीट फिल्म है, जिसमें एक पिता हादसे में अपने बेटे को खोने के बाद व्यवस्था से नाराज है और अपनी शर्तें मनवाने के लिए एक बड़े नेता के बेटे का अपहरण कर लेता है। इरफान की कोशिशें संभवतः रंग लातीं मगर सेक्स कॉमेडी के अचानक मैदान में आ जाने से लग रहा है मानो मदारी को बंधक बना लिया गया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें