'इंडियाज गॉट लेटेंट' के दूसरे सीजन की शुरुआत हो चुकी है। आलिया भट्ट और शरवरी की मौजूदगी वाला पहला एपिसोड रिलीज होने के बाद से लगातार चर्चाओं में बना हुआ है। अब पहले एपिसोड की शूटिंग का एक नया बीटीएस वीडियो सामने आया है। इसमें आलिया भट्ट कॉमेडियन समय रैना की तारीफ करती दिख रही हैं। उन्होंने एक प्यारा सा किस्सा भी शेयर किया कि कैसे वह यह शो तब देखती थीं जब उनकी बेटी राहा उनके पास सो रही होती थी। समय रैना ने यह क्लिप अपने यूट्यूब चैनल के 'मेंबर्स-ओनली' सेक्शन में शेयर की है।
समय और बलराज की दोस्ती देख भावुक हुईं आलिया
वीडियो में समय रैना शूटिंग से पहले आलिया और शरवरी से बातचीत करते और उन्हें गिफ्ट हैम्पर देते हुए दिख रहे हैं, जिनमें उनकी अपनी साइन की हुई फोटो भी है। इस दौरान दोनों एक्ट्रेस हंस पड़ती हैं, वहीं एक और हिस्से में आलिया, समय और बलराज की दोस्ती के बारे में बात करती नजर आती हैं।
आलिया ने समय और बलराज की बॉन्डिंग पर बात करते हुए कहा कि उस स्पेशल शो में जब आप दोनों ने अपनी दोस्ती के बारे में बात की, तो मैं उसे सच में महसूस कर पा रही थी। उसे बहुत अच्छे से समझाया और जाहिर किया गया था। मैं वहां रो पड़ी थी। इसलिए मुझे लगता है कि इस स्पेशल शो की वजह से मैं आप दोनों को बहुत अच्छी तरह जानने लगी हूं।
आलिया ने फ्लाइट में देखा लेटेंट
आलिया ने आगे बताया कि समय द्वारा एक एपिसोड भेजे जाने के बाद उन्होंने फ्लाइट में 'इंडियाज गॉट लेटेंट' देखा था। उन्होंने कहा कि मैंने 'लेटेंट' सिर्फ अपनी फ्लाइट में देखा है। तुमने मुझे वह एपिसोड भेजा था और मैं जोर-जोर से हंस रही थी। मुझे पता ही नहीं चला कि राहा मेरे बगल में सो रही थी। मैं सबको परेशान कर रही थी।
इसके बाद समय ने आलिया को एक गिफ्ट हैम्पर दिया। जब उन्होंने उसके अंदर समय की फ्रेम की हुई फोटो देखी, तो उस पर लिखे टेक्स्ट को पढ़कर वह जोर से हंस पड़ीं। उस पर लिखा था, ‘हमेशा से तुम जैसी किसी को अपना ऑटोग्राफ देना चाहता था।’
समय ने शरवरी को एक साइन की हुई फोटो भी तोहफे में दी, जिसे पाकर वह हंस पड़ीं। उन्होंने कहा कि यह बहुत कीमती है और इसे मेरे बेडसाइड टेबल पर रखा जाएगा, क्योंकि मैं हमेशा से समय का ऑटोग्राफ चाहती थी।