क्या है पूरा मामला
रणवीर अल्लाहबादिया पर कॉमेडियन समाय रैना के यूट्यूब शो 'इंडियाज गॉट लैटेंट' में एक प्रतियोगी से बातचीत के दौरान उनके माता-पिता के यौन संबंधों के बारे में अश्लील टिपणी की थी, जिसके बाद कई राज्यों में एफआईआर दर्ज की गई थीं। इन टिप्पणियों को सुप्रीम कोर्ट ने अश्लील और शर्मनाक करार दिया था। 18 फरवरी को कोर्ट ने रणवीर को गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण दिया और उनके पासपोर्ट को ठाणे की नोडल साइबर पुलिस के पास जमा करने का आदेश दिया। इसके अलावा, कोर्ट ने उनके पॉडकास्ट 'द रणवीर शो' पर ऐसी सामग्री का प्रसारण करने पर रोक लगा दी थी, जो उनके खिलाफ चल रहे मामलों से संबंधित हो।
कोर्ट ने दी शर्तों के साथ इजाजत
3 मार्च को सुप्रीम कोर्ट ने रणवीर को अपना पॉडकास्ट फिर से शुरू करने की अनुमति दी, लेकिन शर्त रखी कि सामग्री में नैतिकता और शालीनता बरती जाए और यह सभी उम्र के दर्शकों के लिए उपयुक्त हो। सोमवार को हुई सुनवाई में कोर्ट ने रणवीर के वकील, वरिष्ठ अधिवक्ता अभिनव चंद्रचूड़ की उस याचिका पर भी विचार करने का आश्वासन दिया, जिसमें उनके खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर को एक जगह समेकित करने की मांग की गई है। इस पर अगली सुनवाई में फैसला होगा।