फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना से लड़ने आ रही है देश की पहली महिला सुपरहीरो ‘प्रिया’, विद्या बालन, मृणाल ठाकुर ने दी आवाजें

Mon, 23 Nov 2020 08:37 PM IST
shrilata biswas अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
विद्या बालन, मृणाल ठाकुर - फोटो : Instagram/Balanvidya, mrunalofficial2016
विज्ञापन

देश की पहली महिला सुपरहीरो प्रिया पर आधारित कॉमिक्स का चौथा संस्करण 'प्रियाज मास्क' के रूप में प्रकाशित होने जा रहा है। इस बार प्रिया की सिर्फ कॉमिक्स ही नहीं, बल्कि एनिमेशन फिल्म भी आ रही है। और इस एनिमेशन शॉर्ट फिल्म में इसके किरदारों को आवाज दी हैं अभिनेत्री मृणाल ठाकुर, विद्या बालन, रोजना आर्केट, सैराह कबीर, आदि ने। इस शॉर्ट फिल्म और कॉमिक्स के इस संस्करण में प्रिया वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से मुकाबला करते हुए नजर आएगी।

विज्ञापन


इस साल मार्च के महीने से पूरी दुनिया को कोरोना वायरस ने बहुत तकलीफें दी हैं। और ये तकलीफें अभी तक खत्म नहीं हुईं, बल्कि लगातार जारी हैं। समय-समय पर नामचीन हस्तियां लोगों को अपने स्वास्थ्य की देखभाल और कोरोना वायरस से बचाव के तरीके बताती रही हैं। अब वही काम अपनी कॉमिक्स और शॉर्ट फिल्म 'प्रियाज मास्क' के जरिए सुपरहीरो प्रिया करने वाली है। इस परेशानी से प्रिया अकेले नहीं, बल्कि पाकिस्तान की महिला सुपरहीरो बुर्का एवेंजर के साथ मिलकर लड़ेगी। इन दोनों सुपरहीरो ने पहली बार किसी एक प्रोजेक्ट में साथ आने का फैसला किया है।

विज्ञापन

एनिमेशन शॉर्ट फिल्म 'प्रियाज मास्क' में प्रिया को मृणाल ठाकुर ने आवाज दी है। अपना अनुभव साझा करते हुए मृणाल ने कहा, 'कॉमिक्स की शौकीन होने के नाते मैं सुपरहीरो किरदार प्रिया को अपने काफी नजदीक महसूस करती हूं। यह एक ऐसा किरदार है जिसमें मैं रचनात्मक माध्यम से जिंदगी देना पसंद करूंगी। मैंने हमेशा से एक सुपर वुमन किरदार निभाना चाहा है जो सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता फैलाता हो। यह मेरे लिए और भी ज्यादा उत्साहजनक था क्योंकि एक एनिमेशन किरदार में आवाज ही तो सब कुछ है। और प्रिया की आवाज ही मैं हूं। प्रिया और साहस जैसे किरदार संदेश देते हैं कि किस तरह दुनिया को रहने लायक बनाया जाए?'
 
प्रिया जिस बाघ पर सवार रहती है, उसका नाम साहस है। और इस साहस किरदार को आवाज दी है विद्या बालन ने। इस फिल्म का हिस्सा बनकर विद्या काफी खुश हैं। वह कहती हैं, 'फिल्म में प्रिया का किरदार कई मायनों में मुझसे मिलता जुलता है। और उसी तरह साहस भी मुझसे ताकत, सहानुभूति और आत्मविश्वास के जरिए जुड़ा हुआ है। इतना सब कुछ इस किरदार में था इसलिए मुझे इसके साथ काम करने के लिए ज्यादा सोचना नहीं पड़ा। मुझे बहुत खुशी है कि मैं इस खूबसूरत फिल्म का हिस्सा रही।'

इस कॉमिक सीरीज और शॉर्ट फिल्म की रचना डॉक्यूमेंट्री बनाने वाले अमेरिका के एक फिल्मकार राम देविनेनी की है। इस सीरीज के चौथे संस्करण 'प्रियाज मास्क' का निर्माण कार्य तन्वी गांधी, इंद्राणी रे और मोनिका समतानी ने किया है। और इसको लिखने का काम किया शुभ्रा प्रकाश ने। इस कॉमिक सीरीज के पिछले तीन संस्करण 'प्रियाज शक्ति', 'प्रियाज मिरर' और 'प्रिया द लॉस्ट गर्ल्स' क्रमशः दुष्कर्मों, तेजाब हमलों और मानव तस्करी पर प्रकाश डाल चुकी हैं। सीरीज का यह चौथा संस्करण दुनिया भर में दो दिसंबर को प्रकाशित होगा।

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें