2009 में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और ऋषि कपूर के साथ लव आज कल बनाने वाले निर्देशक इम्तियाज अली अब इसे फ्रेंजाइजी के रूप में आगे बढ़ाना चाहते हैं। नए जमाने के रोमांस की बात करने वाली इस कहानी में बताया गया था कि पुराने वक्त में प्यार आसान था और अब मुश्किल। हर जमाने में नई पीढ़ी को प्यार में नई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। सोच-विचार बदल जाते हैं।
इम्तियाज को लग रहा है 2019 में जब लव आज कल को एक दशक पूरा हो जाएगा, प्यार की नई तस्वीर रचने का बढ़िया मौका है। वह इस फिल्म के लिए सोनू के टीटू की स्वीटी के स्टार कार्तिक आर्यन को फाइनल कर चुके हैं और हीरोइन के रूप में सारा अली खान से उनकी बात चल रही है।
उन्हें लगता है कि पिता सैफ द्वारा की गई फिल्म की फ्रेंचाइजी में बेटी सारा होंगी तो दर्शक सिनेमाघरों में आएंगे। सारा भी एक टीवी शो में कार्तिक के साथ काम करने की इच्छा व्यक्त कर चुकी हैं। ऐसे में कार्तिक-सारा की नई जोड़ी को पर्दे पर देखना दर्शकों के लिए रोमांचक हो सकता है।