इमरान खान के कैरियर को संवारने में न तो अनुष्का शर्मा काम आईं और न ही करीना कपूर। वजह आखिर है क्या?
एक के बाद एक फिल्में बॉक्स ऑफिस पर लुढ़कती जा रही हैं, ऐसे में इमरान खान की समझ में नहीं आ रहा है कि चयन के मामले में उनसे कहां कमी रह जा रही है। फिल्म गोरी तेरे प्यार में से उन्हें बड़ी उम्मीदें थीं।
इसे न केवल उनके दोस्त पुनीत मल्होत्रा ने निर्देशित किया था, बल्कि यह करण जौहर के बैनर की फिल्म भी थी। सबसे बड़ी बात यह कि इस फिल्म में उनके साथ करीना कपूर की जोड़ी बनाई गई थी। उनका रोल भी छवि के अनुकूल ही था।
इस किरदार में ऐसा कुछ भी नहीं था कि वे कोई बड़ी चुनौती स्वीकार करने जा रहे हों। इसके बावजूद फिल्म फ्लॉप हो गई। मटरू की बिजली का मनडोला, वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा और अब गोरी तेरे प्यार में के फ्लॉप हो जाने के बाद इमरान सकते में आ गए हैं।
हालांकि इमरान की लगातार फ्लॉप हो रही फिल्मों के बारे में जानकारों का कहना है कि अभिनय कैरियर में अप और डाउन तो आते रहते हैं। हां, यह जरूर है कि इमरान को अपनी भूमिकाओं के साथ ज्यादा एक्सपेरिमेंट नहीं करना चाहिए।
इमरान के करीबी जनों का इस बारे में कहना है कि वे काफी कम फिल्में करते हैं, इसलिए उन्हें और ज्यादा सतर्क रहना होगा। वरना बिस्तर बंधते देर नहीं लगेगी। बॉलीवुड में नई प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।