आईफा अवॉर्ड्स के 22वें सीजन का आयोजन अगले महीने यस आइलैंड अबू धाबी होगा। इस कार्यक्रम की तारीख में अब तक कई बार बदलाव हो चुका है और अब यह कार्यक्रम 2 से 4 जून तक होगा। बता दें कि इस कार्यक्रम में ‘अमर उजाला’ मीडिया पार्टनर है, जिसकी जानकारी आयोजकों ने आईफा के इंस्टाग्राम हैंडल पर साझा भी की। आयोजकों ने लिखा कि आईफा अवॉर्ड्स 2022 के लिए अमर उजाला मीडिया पार्टनर रहेगा। यह जानकारी देते हुए हमें काफी खुशी हो रही है। बता दें कि अबू धाबी में होने वाले आईफा अवॉर्ड्स के 22वें सीजन को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के निधन के बाद स्थगित कर दिया गया था। दरअसल, यह कार्यक्रम 20-21 मई को अबू धाबी के यस आइलैंड पर होना था, लेकिन यूएई के राष्ट्रपति के निधन के बाद 40 दिन के राष्ट्रीय अवकाश का एलान कर दिया गया। इसके चलते यह कार्यक्रम भी टल गया।
दो बार घोषित की गई तारीख
20-21 मई की तारीख टलने के बाद आईफा अवॉर्ड्स के लिए 14-16 जुलाई की तारीख का एलान किया गया। हालांकि, कुछ दिन बाद इस तारीख में भी बदलाव कर दिया गया। अब यह इवेंट 2-4 जून तक आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में आइफा की ओर से एक पत्र भी जारी किया गया, जिसमें बताया गया कि भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े अवॉर्ड्स के 22वें सीजन की तारीख में बदलाव लोगों की डिमांड पर किया गया।
सलमान-रितेश करेंगे मेजबानी
जानकारी के मुताबिक, आईफा अवॉर्ड्स के 22वें सीजन की मेजबानी की जिम्मेदारी सलमान खान, रितेश देशमुख और मनीष पॉल उठाएंगे। इन अवॉर्ड्स की तकनीकी कैटेगरी यानी साउंड डिजाइन, स्क्रीनप्ले, एडिटिंग, सिनेमैटोग्राफी, कोरियोग्राफी, साउंड मिक्सिंग, डायलॉग, बैकग्राउंड स्कोर और स्पेशल इफेक्ट्स (विजुअल) के पुरस्कार विजेताओं के नाम पहले ही घोषित हो चुके हैं। बाकी कैटेगरी के पुरस्कारों का एलान अबू धाबी में होने वाले समारोह में किया जाएगा।
हिंदी फिल्मों का सबसे मशहूर अवॉर्ड
बता दें कि आईफा अवॉर्ड्स हिंदी फिल्मों का सबसे मशहूर अवॉर्ड समारोह है। इसका आयोजन हर साल दुनिया के अलग-अलग देशों में किया जाता है। इस बार अवॉर्ड्स नाइट के लिए यूएई के यस आइलैंड को चुना गया है।