क्रिकेट के मैदान पर छक्कों की बरसात करने वाले युवराज सिंह अब बड़े पर्दे पर भी ऐसा करते हुए नजर आएंगे। युवराज सिंह कैंसर को हराकर वापस क्रिकेट के मैदान में हैं। अपने इस सफर की कहानी पर वह फिल्म बनाने जा रहे हैं।
युवराज सिंह जिंदगी के अपने इस संघर्ष को एक किताब में लिख चुके हैं। उनकी आने वाली फिल्म इसी किताब पर आधारित होगी।
'द टेस्ट ऑफ माय लाइफ' शीर्षक वाली इस किताब पर चर्चा करते हुए युवराज ने कहा कि लोगों को उनकी जिंदगी पर्दे पर देखते हुए अच्छी लगेगी। उन्होंने कहा कि मेरी एक ख्वाहिश है कि मैं इस पर एक फिल्म बनाऊं।
इस फिल्म में मेरी क्रिकेट जर्नी और कैंसर से मेरी लड़ाई के बारे में दिखाया जाएगा। वैसे, मैंने अभी तक यह भी नहीं सोचा है कि मेरा रोल कौन-सा ऐक्टर प्ले करेगा।
युवराज खुद क्यों नहीं स्क्रीन पर आने के बारे में सोचते? इस पर युवी का कहना है कि ऐक्टिंग के बारे में वह सोच तो रहे हैं, लेकिन ऐसा वह क्रिकेट से अलग होने के बाद ही करेंगे और जब तक वह खेल रहे हैं, तब तक वह क्रिकेट के बारे में ही सोचना चाहते हैं।