बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार ऋषि कपूर इन दिनों आमतौर पर अपने बेबाक बयान को लेकर चर्चा में बने रहते हैं लेकिन इस बार वह अपने बॉलीवुड करियर को लेकर मीडिया की सुर्खियां बने हुए हैं। दरअसल उन्होंने एक अंग्रेजी अखबार से बातचीत करते हुए अपने करियर में आए उतार चढ़ाव के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि मुझे अपने करियर में किसी भी बात का अफसोस नहीं है।
उन्होंने कहा कि मैं आज भी अपने आपको बहुत भाग्यशाली मानता हूं कि मेरे पास काम करने के लिए अच्छी स्क्रिप्टें हैं। मैंने अपने 46 साल के बॉलीवुड करियर में जो भी किया, उसे बहुत एंजॉय किया चाहे वह किसी भी पीरियड (दशक) में किया।
इस बातचीत में उन्होंने यह भी कहा कि मुझे इस बात का जरा-सा भी अफसोस नहीं है कि मैंने एक पेड़ के साथ रोमांस किया, गाना गाया और उसके आस-पास नाचा। मुझे खुशी है कि मैंने अपने पहले 25 साल के करियर में खूब पैसा, नाम और इज्जत कमाया।
अपनी फिल्म मुल्क के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि मुझ पर भगवान की अब भी असीम कृपा है कि मुझे अच्छा काम और रोल दोनों मिल रहे हैं। मैं ऊपर वाले का शुक्रगुजार हूं कि मुझे इस तरह के रोल और ऐसी फिल्म में काम करने का मौका दिया और उम्मीद करता हूं कि आगे भी मुझे ऐसे रोल और फिल्मों में काम करने का मौका मिलता रहेगा।