फैंस को ऋतिक रोशन की फिल्म 'सुपर 30' का बड़ी ही बेसब्री से इंतजार था लेकिन लगता है ये इंतजार और लंबा होने वाला है। खबर है कि फिल्म को पहले से ज्यादा बेहतर बनाने के लिए फिल्म की शूटिंग दोबारा की जाएगी।
निर्माताओं ने फिल्म के कुछ और हिस्से की शूटिंग करने का फैसला किया है, जिससे इस बायोपिक को बेहतर और व्यापक रूप दिया जा सके। दरअसल फिल्म निर्माताओं का उद्देश्य है कि आनंद कुमार के जीवन की कहानी इतनी दिलचस्प हो कि ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचे और वो इसे पसंद करें। इससे पहले डायरेक्टर विकास बहल पर लगे यौन शोषण के आरोप के बाद 'सुपर 30' के प्रॉजेक्ट से उन्हें बाहर निकाल दिया गया था। जिसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि फिल्म की रिलीज डेट आग बढ़ सकती है।
फिल्म इसी 25 जनवरी को रिलीज होनी थी लेकिन अब ऐसा होता दिख नहीं रहा है। बता दें इसी 25 जनवरी को कंगना रनौत की फिल्म मणिकर्णिका भी रिलीज होने वाली है। अगर सुपर 30 इस 25 जनवरी को रिलीज होती तो बेशक मणिकर्णिका और सुपर 30 में जबरदस्त टक्कर देखने को मिलती। बहरहाल ऐसा होता दिख नहीं रहा है।
बता दें सुपर 30 विकास बहल की महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक है। यह फिल्म बिहार के टीचर आनंद कुमार के जीवन पर बनाई जा रही है। इतना ही नहीं सेक्शुअल हैरेसमेंट के आरोप के बाद विकास को अमेजन प्राइम की एक वेब सीरीज से भी बाहर निकाला जा चुका है।
'सुपर 30' में ऋतिक पहली बार बिहारी किरदार निभा रहे हैं और अपने किरदार की बारीकियों के समझने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत भी की है जो सेट से आईं तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है। इस फिल्म में कुमकुम भाग्य की एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर ऋतिक की पत्नी का किरदार निभा रही हैं।