बॉलीवुड के ‘ग्रीक गॉड’ के जाने वाले डांस किंग ऋतिक रोशन इन दिनों लगातार चर्चाओं में बने हुए हैं। एक ओर उनकी फिल्म ‘कृष’ को लेकर एक मीम वायरल है, जिसके चलते उनका 19 साल पुराना गाना ‘दिल ना दिया’ चर्चाओं में बना हुआ है। वहीं दूसरी ओर अपने कजिन की शादी में ऋतिक का अपने बच्चों के साथ डांस परफॉर्मेंस भी काफी पसंद किया जा रहा है। इस डांस परफॉर्मेंस के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। अब अभिनेता ऋतिक रोशन ने खुद ये वीडियो शेयर किया है। फैंस ने इस वीडियो में ऋतिक को टक्कर देने वाले लड़कों की तारीफ की है। जानिए कौन हैं वो लड़के...
ऋतिक रोशन ने अपने कजिन की शादी में जमकर एंजॉय किया। ढोल पर डांस करने से लेकर बच्चों के साथ स्टेज परफॉर्मेंस देने तक, एक्टर के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं। फैंस ऋतिक का डांस देखकर काफी खुश हैं और उनके अंदाज को पसंद कर रहे हैं। अब ऋतिक ने खुद अपने एक्स अकाउंट पर अपनी डांस परफॉर्मेंस का वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में ऋतिक अपने दोनों बेटों रिहान और रिदान के साथ पंजाबी सिंगर सुखबीर के गाने ‘ओ हो हो’ पर डांस कर रहे हैं। ये एक फैमिली परफॉर्मेंस थी, जिसमें बेटों के अलावा ऋतिक के साथ उनकी चचेरी बहन पश्मीना रोशन, उनकी गर्लफ्रैंड सबा आजाद और ऋतिक की भांजी सुरानिका सोनी भी डांस करती नजर आ रही हैं।
रिहान-रिदान के दिवाने हुए फैंस
ऋतिक के इस वीडियो को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। यही कारण है कि ऋतिक के ये वीडियो शेयर करते ही इस पर कमेंट की बाढ़ आ गई। फैंस ऋतिक के डांस के साथ-साथ उनके बेटों के डांस और उनके कॉन्फिडेंस की काफी तारीफ कर रहे हैं। एक फैन ने लिखा, ‘ऋतिक के दोनों बेटों ने उनके डांस स्टेप को बिल्कुल मैच किया है। ऋतिक को उन पर गर्व होगा।’ वहीं एक प्रशंसक ने रिहान और रिदान की तारीफ करते हुए कहा कि ऋतिक के दोनों बेटे उनसे भी बड़े सुपरस्टार बनेंगे। उनका अंदाज, उनका डांस और उनका विश्वास अविश्वसनीय है।
ऋतिक के डांस स्टेप्स देख लोग हुए इंप्रेस
वहीं कई फैंस ऋतिक का डांस देखकर काफी खुश हुए और एक्टर की जमकर तारीफ की। एक प्रशंसक ने कहा कि ग्रेविटी आपको फ्लोर पर रखने के लिए संघर्ष कर रही है। तो वहीं कई फैंस ने ऋतिक के पैरों के मूव्स की जमकर तारीफ की है। कई लोगों ने ऋतिक के लुक की तारीफ करते हुए उन्हें ग्रीक गॉड बताया। तो वहीं कई चाहने वालों ने ऋतिक को डांस के लिए लोगों को प्रेरित करने के लिए आभार जताया है। वीडियो में फैंस को रिहान-रिदान के डांस ने भी काफी प्रभावित किया। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि सिर्फ ऋतिक के बेटे ही उनकी लीगेसी और उनके डांस स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं।
‘वॉर 2’ में नजर आए थे ऋतिक
वर्कफ्रंट की बात करें तो ऋतिक रोशन आखिरी बार इसी साल रिलीज हुई फिल्म ‘वॉर 2’ में नजर आए थे। ‘वॉर 2’ यशराज के स्पाई-यूनिवर्स का हिस्सा है। इस फिल्म में ऋतिक के साथ साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर भी प्रमुख भूमिका में नजर आए थे। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाई, जैसी मेकर्स को उम्मीद थी। अब फैंस ऋतिक की ‘कृष 4’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।