बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन की मम्मी पिंकी रोशन का एक वर्कआउट वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पिंकी रोशन जबरदस्त वर्कआउट करती हुई दिख रही हैं। खुद ऋतिक ने अपनी मम्मी के इस वर्कआउट वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। गौरतलब है कि ऋतिक रोशन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर अपनी तस्वीरें और वीडियोज शेयर करते रहते हैं। अब उन्होंने अपनी मम्मी का वर्कआउट वीडियो साझा करते हुए लिखा है कि कुछ अच्छा करने के लिए कभी देर नहीं होती है।
ऋतिक ने सोशल मी़डिया यूजर्स को उनकी मम्मी के वर्काउट वीडियो को पसंद करने के लिए शुक्रिया कहा। इस वीडियो में रेड टीशर्ट और ब्लैक कलर की हॉफ पैंट में ऋतिक रोशन की मम्मी पिंकी रोशन दीवार फांदने से लेकर रस्सा खींचने जैसे मुश्किल वर्कआउट करती हुई दिख रही हैं। अभिनेता ऋतिक ने अपनी मम्मी पिंकी रोशन की कई अन्य वर्कआउट वीडियोज को भी शेयर किया है। उन्होंने पोस्ट के जरिए अपनी मम्मी के वर्कआउट की तारीफ की है। वीडियो को शेयर करते हुए ऋतिक ने लिखा कि 68 साल की उम्र में मम्मी की हर तरह की फिटनेस और वेलनेस देख उनके अंदर भी उम्मीद पैदा हुई है कि बेहतर की कोशिश जारी रख सकते हैं। उन्होंने लिखा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कितनी उम्र है, बेहतर की कोशिश जारी रखनी चाहिए। आगे ऋतिक ने लिखा, ''मेरी मां के इस पैशन को सपोर्ट करने के लिए मैं आप सभी को गले लगाता हूं।''
उन्होंने लिखा, '‘मैं जानता हूं कि मेरी मम्मी बुरे वक्त से गुजरी हैं। सभी की जिंदगी में कभी न कभी ऐसा वक्त आता है। मैं जानता हूं कि उनके लिए वापस जिम में लौटना और यह सब शुरू करना कितना मुश्किल था, पर उन्होंने यह कर दिखाया। ऋतिक ने लिखा कि उनकी मां पिंकी रोशन को यह पता है कि इंस्टाग्राम पर उनको यूजर्स अपना समर्थन देते हैं। उन्होंने आगे बताया कि उनकी मां ने 58 साल की उम्र में वर्कआउट करना शुरू किया था। उन्होंने कहा कि मैं यह इसलिए बता रहा हूं कि ताकि जो अन्य अभिभावक सोचते हैं कि अब देर हो गई है, वह इसे जान लें कि देर कभी नहीं होती है।