फिल्म सुपर 30 की कामयाबी के बाद ऋतिक रोशन अब अपनी अगली फिल्म वॉर के जरिए बॉक्स ऑफिस पर छाने के लिए तैयार हैं। डांस रियलिटी शो नच बलिए 9 के सेट पर पहुंचे ऋतिक ने कंटस्टेंट्स के साथ मिलकर खूब मस्ती की और साथ ही अपनी सुपरहिट फिल्म कोई मिल गया के किरदार रोहित मेहरा की झलक भी दिखाई।
नच बलिए 9 का आने वाला एपिसोड कॉस्टयूम ड्रामा की थीम पर आधारित है। इस एपिसोड में प्रिंस और युविका की जोड़ी एक खास परफॉर्मेंस देने वाली है। युविका शो में प्रियंका चोपड़ा की फिल्म बर्फी के किरदार झिलमिल को पेश करती नजर आएंगी। इस परफॉर्मेंस को देखकर ऋतिक काफी प्रभावित हुए।
फिल्म बर्फी में प्रियंका के किरदार की याद करते हुए ऋतिक कहते हैं, ‘मैंने कोई मिल गया फिल्म में एक स्पेशल चाइल्ड रोहित मेहरा का किरदार निभाया था। मुझे पता है कि ऐसे बच्चों को चिढ़ाया जाता है और उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया जाता है, लेकिन उन्हें प्यार की जरूरत होती है। आपने जो किरदार निभाया उसके साथ मैं खुद को जोड़कर देख सकता हूं।’
ऋतिक की बातें सुनकर युविका ने ऋतिक से मंच पर आने की गुजारिश की ताकि वे दोनों अपने-अपने किरदार फिर से निभा सकें। इसके बाद ऋतिक ने रोहित मेहरा के रूप में और युविका ने झिलमिल के रूप गजब की पेशकश दी।