हिंदी सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित प्रोडक्शन हाउस यशराज फिल्म्स की अगली फिल्म वॉर का ट्रेलर मंगलवार की सुबह सोशल मीडिया और यूट्यूब चैनल पर रिलीज होने जा रहा है। इस फिल्म के ट्रेलर लॉन्च को लेकर चल रही तैयारियां बीते हफ्ते अंतिम समय पर रोकते हुए यशराज फिल्म्स ने इस ट्रेलर लॉन्च का कोई समारोह न करने का भी बड़ा फैसला लिया था।
फिल्म का टीजर रिलीज होने के बाद से ही ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ के फैंस इस ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार करते रहे हैं। दो अक्टूबर को गांधी जयंती के सार्वजनिक अवकाश के दिन रिलीज होने जा रही फिल्म वॉर को हिंदी सिनेमा की अब तक की सबसे बड़ी एक्शन फिल्म बताया जा रहा है इसकी शूटिंग सात देशों के 15 शहरों में की गई है।
दुनिया भर के बेहतरीन स्टंट निर्देशकों ने इस फिल्म के रोमांचक स्टंट सीन गढ़े हैं और तैयारी ये थी कि इन्हीं में से कुछ सीन्स को ट्रेलर लॉन्च पर रीक्रिएट किया जाए। फिल्म में वाणी कपूर का रोल भी काफी दमदार बताया जा रहा है।
फिल्म के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद कहते हैं, “टीम ने ट्रेलर लॉन्च के लिए एक बेहतरीन और बड़े कार्यक्रम के आयोजन की कोशिश की लेकिन ये योजनाएं कितनी भी बड़ी क्यों न हों फिल्म के पैमाने से मेल नहीं खा रही थीं। इस तरह की फिल्म के लिए किसी कार्यक्रम का आयोजन भी कुछ इस तरह का होना चाहिए जो फिल्म के पैमाने से मेल खा सके लेकिन विभिन्न कारणों से दर्शकों के लिए इस तरह का आयोजन करना असंभव है। इसलिए हमने ट्रेलर लॉन्च का कार्यक्रम न करने का फैसला किया है।”