बॉलीवुड के मशहूर दिग्गज कलाकार विनोद खन्ना की बेहद कमजोर दिखने वाली एक तस्वीर वायरल होने के बाद उनके कैंसर से पीड़ित होने की अफवाहें तेजी से फैल गईं। वहीं शुक्रवार को इस अफवाह पर कुछ भी कहने से अस्पताल प्रशासन ने इंकार कर दिया।
शरीर में पानी की कमी होने पर खन्ना को 31 मार्च को एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के अधिकारी ने कहा कि खन्ना 70 वर्ष के हैं और उनके शरीर में पानी की कमी हो गई है।
उन्हें इसी वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था और हम उनके शरीर में पानी की कमी का इलाज कर रहे हैं। यदि यहां भर्ती होने से पहले उन्हें कोई अन्य बीमारी रही है तो हम उसके बारे में नहीं बता सकते।
उन्होंने कहा कि हम इस मामले में ज्यादा कुछ नहीं कह सकते क्योंकि उनके परिवार ने हमसे गोपनीयता बरतने को कहा है। इस बारे में बात सही नहीं है। अधिकारी ने कहा कि इलाज के दौरान खन्ना की सेहत में सुधार देखने को मिल रहा है और चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है।