भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव
- फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव गोवा में इस साल दुनिया छोड़ गए दिग्गजों को अनोखे अंदाज में श्रद्धांजलि दी जाएगी। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने इन सारे दिग्गज कलाकारों की एक एक फिल्म गोवा फिल्म फेस्टिवल में दिखाने का फैसला किया है।
भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के इस होमेज सेक्शन के तहत राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त चुनिंदा गणमान्य हस्तियों की फिल्में दिखाई जाएंगी। इनमें मृणाल सेन की फिल्म भुवन शोम और गिरीष कर्नाड की फिल्म कनूरू हेग्गाहिथी प्रमुख हैं। दिवंगत असमी अभिनेता बिजू खुकन की फिल्म अपारूपा को भी इस सूची में शामिल किया गया है, जिसे जानू बरुआ ने निर्देशित किया। इन फिल्मों के अलावा गोवा फिल्म फेस्टिवल में विजया मुले की फिल्म द टाइडल और एनीमेशन फिल्म एक अनेक और एकता, रूमा गुहा ठाकुरता की फिल्म गणशत्रु, कादर खान की फिल्म हम, राजकुमार बड़जात्या की फिल्म हम आपके हैं कौन, राम मोहन की फिल्म कृष त्रिष ऐंड बालित बॉय, वीरू देवगन की फिल्म फूल और कांटे, विद्या सिन्हा की फिल्म रजनीगंधा, एम जे राधाकृष्णन की फिल्म वेइलमारंगल और खय्याम की फिल्म उमराव जान शामिल हैं।
50वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में 76 देशों की 200 से ज्यादा फिल्में दिखाई जाएंगी। इनमें से भारतीय पैनोरोमा सेक्शन में 26 फीचर फिल्में और 15 फिल्में गैर फीचर फिल्में भी शामिल हैं।