अभिनेता सलमान खान को लेकर डॉक्टर भी कंफ्यूज हो गया। सलमान के मुंबई के हिट एंड रन मामले में सुनवाई कर रही एक स्थानीय अदालत में एक डॉक्टर बताया कि घटना के बाद जब सलमान को लाया गया तो शराब की बू आ रही थी, लेकिन उसी दिन क्लीनिकल परीक्षण में लगा कि वह शराब के नशे में नहीं थे।
इस मामले में पुलिस के अनुसार सलमान की कार 28 सितंबर, 2002 को बांद्रा में सड़क किनारे एक दुकान में घुस गई, इससे सड़क किनारे सो रहे एक व्यक्ति की मृत्यु हो गयी और चार लोग घायल हो गये।
घटना के बाद सलमान को तुरंत अस्पताल लाया गया था
सलमान के हिट एंड रन मामले में चल रही सुनवाई में डॉ शशिकांत पवार ने अदालत में विशेष सरकारी अभियोजक से कहा कि 'क्लीनिकल परीक्षण के दौरान सलमान की आंख की पुतली थोड़ी तनी हुई थीं, आवाज साफ थी और चाल सामान्य थी।'
घटना के तुरंत बाद जरूरी जांच के लिए सलमान को सरकारी जे जे अस्पताल ले जाया गया। पवार उस समय अस्पताल में कार्यरत थे।
सलमान ने कहा था कि शराब नहीं पी
मुंबई के स्थानीय अदालत में चल रहे इस मामले में अभियोजन पक्ष के गवाह के तौर पर पेश हुए पवार ने सत्र न्यायाधीश डी डब्ल्यू देशपांडे से कहा कि अभिनेता ने हालांकि उन्हें कहा था कि उन्होंने शराब नहीं पी थी।
सलमान के वकील श्रीकांत शिवडे द्वारा जिरह के दौरान पवार ने माना कि उनके द्वारा तैयार किये गये कागजों में उन्होंने खान से अल्कोहल की बू आने के संबंध में तथ्य को दर्ज नहीं किया था।
हालांकि वह तथ्य को दर्ज नहीं करने की कोई वजह नहीं बता सके। डॉक्टर ने स्वीकार किया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस संबंध में कोई स्पष्ट दिशानिर्देश नहीं है कि खून की जांच किन मामलों में होनी चाहिए।