अपनी घरेलू नौकरानी से रेप के मामले में अदालत द्वारा सजा पाए ऐक्टर शाइनी आहूजा एक बार फिर ऐक्टिंग के मैदान में हैं। उन्होंने दुबई में बुधवार को ‘वेलकम बैक’ की शूटिंग शुरू की।
यूं तो सभी को आश्चर्य हुआ था जब पता चला कि निर्देशक अनीस बज्मी ने अपनी फिल्म ‘वेलकम बैक’ में शाइनी आहूजा को विलेन के महत्वपूर्ण रोल में लिया है।
शाइनी लंबे समय से फिल्मों में काम की तलाश कर रहे थे और कोई उन्हें नहीं ले रहा था। यहां तक कि जिस भट्ट कैंप के वह कभी चहेते थे, उसने भी शाइनी से हाथ जोड़ लिए थे।
हैरत हुई आहूजा को देखकर
शाइनी को जब ‘वेलकम बैक’ में लिया गया तो कई लोगों की भौंहें तन गईं। शाइनी दुबई में बुधवार को फिल्म की शूटिंग का हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन चर्चा है कि हीरोइन श्रुति हासन को यह बात नागवार गुजर रही है।
सूत्रों की मानें तो कमल हासन और सारिका की बेटी श्रुति ने निर्माताओं से अपनी आपत्ति जता दी है कि वह शाइनी के साथ काम करने में सहज महसूस नहीं कर रहीं।
बताया जाता है कि इस कॉमेडी फिल्म में शाइनी का रोल ऐसे खलनायक का है जो श्रुति और फिल्म में डिंपल कपाड़िया की बेटी बनी एक नई हीरोइन का हर वक्त पीछा करता है। ऐसे में श्रुति को कई दृश्यों में शाइनी के साथ शूटिंग करनी पड़ेगी।
असहज है फिल्म की हीरोइन
सूत्रों के अनुसार शाइनी के आपराधिक अतीत को देखते हुए श्रुति उनके साथ असहज हैं। श्रुति के नजदीकियों के अनुसार उन्होंने अपने मैनेजरों की टीम के द्वारा फिल्म निर्माता को ई-मेल कराया है, जिसमें अपनी आपत्ति दर्ज कराई है।
सूत्र बताते हैं, ‘श्रुति को मीडिया में आई खबरों से पता चला कि शाइनी फिल्म में उनके साथ काम कर रहे हैं। उन्हें महत्वपूर्ण भूमिका दी गई है। जब से उन्हें यह बात मालूम हुई, वह नाखुश हैं।’
बताया जा रहा है कि श्रुति के मैनेजरों ने निर्माता को ई-मेल में साफ लिखा है कि शाइनी के रेप जैसे अपराध के मामले में फंसे होने के कारण श्रुति उनके साथ काम करते हुए अच्छा महसूस नहीं कर रही हैं।
श्रुति ने निर्माता से इस बात को लेकर भी आपत्ति व्यक्त कि शाइनी को लेते वक्त उनसे न किसी प्रकार की बातचीत की गई और न ही उन्हें बताया गया। श्रुति भले ही दुबई में फिल्म की टीम के साथ हैं, लेकिन खुश नहीं हैं।फिल्म का निर्माण फिरोज नाडियाडवाला कर रहे हैं। निर्माता के करीबी सूत्रों का कहना है कि श्रुति के ई-मेल ने उन्हें उलझन में डाल दिया है। उन्हें इसकी अपेक्षा नहीं थी। वह समझ नहीं पा रहे हैं कि क्या जवाब दिया जाए।
लेकिन आपत्ति को कुछ पता नहीं
फिल्म में जॉन अब्राहम हीरो हैं। जबकि शाइनी वाले रोल के लिए पहले नील नितिन मुकेश और कुणाल कपूर से बात की गई थी। दोनों ने ही रोल ठुकरा दिया। ऐसे में निर्माताओं ने शाइनी की प्रतिभा को एक बार फिर से पर्दे पर जगह देने की सोची।
उधर, अनीस बज्मी फिल्म की शूटिंग जारी रखे हुए हैं। उनका कहना है कि शाइनी को लेकर श्रुति कि आपत्ति के बारे में उन्हें कुछ पता नहीं है। बज्मी के अनुसार श्रुति को फिल्म निर्माण से जुड़ी कोई भी आपत्ति होगी तो वह निर्माता से ही बात करेंगी। उन्होंने बताया कि दोनों ही ऐक्टर शूटिंग कर रहे हैं।
आरोप में फंसे थे शाहनी
उल्लेखनीय है कि 2009 में शाइनी अपनी नौकराने से रेप के आरोप में फंसे थे। निचली अदालत ने उन्हें 2011 में दोषी पाते हुए सात साल की सजा भी सुनाई थी, परंतु वह 27 दिन सजा काट कर जमानत पर बाहर आ गए। उन्होंने सजा के खिलाफ अपील दायर की हुई है।
इस मामले ने शाइनी का फिल्मी कैरियर बर्बाद कर दिया है। 2011 में उनकी फिल्म आई थी ‘घोस्ट’ जिसे दर्शकों ने नकार दिया। उनकी एक और फिल्म ‘हर पल’ पूरी होने के बावजूद रिलीज नहीं हुई है।
अब देखना होगा कि ‘वेलकम बैक’ में शाइनी के होने का क्या असर होगा? क्या महिला संगठन रेप में सजा पाए ऐक्टर की फिल्म को आसानी से रिलीज हो जाने देंगे? श्रुति की आपत्ति महिलाओं की भावनाओं के बारे में बहुत कुछ कह रही है।