विक्रम भट्ट के जेल जाने के बाद ‘हॉन्टेड 3डी’ को लगा बड़ा झटका
विक्रम भट्ट आगे पोस्ट में कहते हैं, ‘और फिर ज़िंदगी ने सबसे ज़ोरदार झटका दिया। मुझे और मेरी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन आरोपों में जिन्हें मैं आज भी झूठा मानता हूं। मैं 75 दिन जेल में रहा और 'हॉन्टेड' अधूरी पड़ी रही। फिल्म रुकी रही और उधार लिए गए पैसे पर ब्याज बढ़ता गया। मैंने सुझाव दिया कि फिल्म को मेरे बिना ही रिलीज कर दिया जाए लेकिन मिस्टर आनंद पंडित का जो जवाब मिला, वह आज भी मेरे जहन में है। उन्होंने कहा था- ‘विक्रम भट्ट नहीं, तो फ़िल्म रिलीज नहीं।’
विक्रम आगे कहते हैं, ‘जब मैं मुंबई लौटा तो पता चला कि पोस्ट-प्रोडक्शन का काम रुका हुआ था। जिन लोगों ने प्रोजेक्ट छोड़ने से इनकार कर दिया था, उनके साथ मिलकर हमने दिन में अठारह-बीस घंटे काम किया और फिल्म को पूरा करने के लिए हर जरूरी कोशिश की।’
विक्रम भट्ट ने दर्शकों को कहा शुक्रिया
अपनी पोस्ट में भावुक होते हुए विक्रम भट्ट लिखते हैं, ‘फिल्म को रिलीज की मंजूरी मिल गई। लेकिन कोर्ट के आदेश को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण इसे सीमित स्तर पर ही दिखाया जा सका। फिल्म कमजोर हालत में सिनेमाघरों तक पहुंची। फिर कुछ असाधारण हुआ, दर्शक फिल्म देखने आए। आखिरकार मैं बस यही चाहता था कि दुनिया 'हॉन्टेड' को देखे। आखिरकार ऐसा हुआ, हमारे लिए यही बात काफी थी।