कियारा ने बांधे यामी गौतम की तारीफ के पुल
फिल्म 'हक' एक कोर्टरूम ड्रामा फिल्म है। इसकी कहानी शाह बानो बेगम केस से प्रेरित है। यह फिल्म 02 जनवरी 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई। इसके साथ यह नंबर वन पर ट्रेंड कर रही है। सेलेब्स ने भी फिल्म की तारीफ में सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किए हैं। कियारा आडवाणी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट शेयर कर लिखा है, 'नेटफ्लिक्स पर 'हक' देख ली। यामी गौतम क्या कमाल की परफॉर्मेंस है'। यामी ने कियारा का पोस्ट अपनी इंस्टा स्टोरी पर शेयर कर शुक्रिया अदा किया है।
संजय कपूर ने दी प्रतिक्रिया
यामी गौतम के अलावा संजय कपूर ने भी इस फिल्म की तारीफ करते हुए इंस्टा स्टोरी शेयर की है। उन्होंने फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा है, 'जबर्दस्त फिल्म'। बता दें कि सिनेमाघरों में यह फिल्म 07 नवंबर 2025 को रिलीज हुई थी। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक इसने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 19.86 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं वर्ल्डवाइड फिल्म ने 29 करोड़ रुपये का कारोबार किया। फिल्म का बजट करीब 40 से 45 करोड़ रुपये है।
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म 'हक' की कहानी एक गृहणी शाजिया बेगम (यामी गौतम) की है, जिसका वकील पति अब्बास (इमरान हाशमी) बिना उसे बताए दूसरी शादी कर लेता है। दूसरी शादी के बाद वह शाजिया को नजरअंदाज करना शुरू करता है, जिससे आहत होकर वह अपने तीन बच्चों के साथ घर छोड़ देती है। मगर, इसके बाद अपने हक के लिए आवाज उठाती है और कोर्ट का दरवाजा खटखटाती है। शाजिया के अदालत का रुख करने पर मुस्लिम पर्सनल लॉ, महिलाओं के अधिकारों और भारतीय संविधान पर देशभर में बहस छिड़ जाती है।