ओपनिंग डे पर सुस्त रही शुरुआत
फिल्म 'हक' ने कल ओपनिंग डे पर 1.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन जुटाकर शुरुआत की। हालांकि, पहले दिन यह कमाई फिल्म की सुस्त शुरुआत का संकेत है। हालांकि, आज शनिवार को कलेक्शन में इजाफा दर्ज हुआ है। खबर लिखे जाने तक प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक आज शनिवार को दूसरे दिन इस फिल्म ने 2.26 करोड़ रुपये कमाए हैं।
दूसरे दिन पकड़ी रफ्तार
ओपनिंग डे के मुताबिक दूसरे दिन फिल्म ने अच्छी बढ़त दर्ज की है। आमतौर पर देखा जाता है कि दूसरे दिन शनिवार को फिल्मों की कमाई में गिरावट दर्ज होती है। फिर, रविवार को बढ़त देखी जाती है। मगर, 'हक' की कमाई दूसरे दिन अच्छी रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म को करीब 35 करोड़ रुपये की लागत के साथ बनाया गया है।
दर्शकों को पसंद आई कहानी
इस फिल्म को क्रिटिक्स से काफी अच्छे रिव्यूज मिले हैं। वहीं, फिल्म देखने पहुंच रहे दर्शक भी इसे पसंद कर रहे हैं। कई दर्शक फिल्म देखकर इमोशनल भी हुए हैं, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। ‘हक’ एक लीगल ड्रामा फिल्म है जो एक अहम सुप्रीम कोर्ट केस पर आधारित है। कहानी समाज में न्याय की प्रक्रिया, नैतिक संघर्ष और इंसाफ की जटिलताओं पर केंद्रित है। हालांकि, निर्देशन के स्तर पर फिल्म कमजोर बताई जा रही है, मगर कहानी मजबूत है और यामी-इमरान की अदाकारी भी दिल जीत लेने वाली है।
आने वाले दिनों में सुधार की संभावना
इस फिल्म के निर्देशन की कमान सुपर्ण एस. वर्मा ने संभाली है। 'हक' को जंगली पिक्चर्स ने प्रोड्यूस किया है। यह गंभीर मुद्दे पर बनी फिल्म है। अपनी कहानी के लिए तारीफ बटोर रही फिल्म संभव है कि आगामी दिनों में अधिक संख्या में दर्शकों को आकर्षित करने में सफल हो। देखना दिलचस्प होगा कि कल रविवार की छुट्टी का इसे कितना फायदा मिलता है।