विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी भक्ति पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' नीम करौरी बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर आधारित है। फिल्म लगातार बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। सात अगस्त को रिलीज हुई यह मूवी अभी तक 173.63 करोड़ का कारोबार कर चुकी है। ऐसे में बहुत से लोग इसके ओटीटी पर आने का इंतजार भी कर रहे हैं। हालांकि, फिल्म का डिजिटल पार्टनर कौन होगा, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि 'हनुमान अंश' को 100 करोड़ रुपये की ओटीटी डील मिली है, मगर अब निर्माता रागिनी सोना ने उन खबरों का खंडन किया है।
क्या बोलीं 'हनुमान अंश' की निर्माता?
हाल ही में एक इंटरव्यू में रागिनी सोना ने कहा कि इस समय टीम का पूरा ध्यान दर्शकों के फिल्म देखने पर है न कि किसी डिजिटल ऑफर पर। उन्होंने साफ किया कि फिल्म के ओटीटी रिलीज को लेकर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। डिजिटल रिलीज का फैसला टीम मिलकर करेगी और इसकी आधिकारिक घोषणा सही समय पर की जाएगी।
रागिनी सोना
- फोटो : सोशल मीडिया
निर्माता ने अफवाहों को किया खारिज
एनडीटीवी से बातचीत में रागिनी सोना ने कहा, 'ऐसा कुछ भी नहीं है। ये सब अफवाहें हैं। कृपया इन पर ध्यान न दें। आज कितने लोग फिल्म देख रहे हैं, यह ज्यादा मायने रखता है। हमें किसी ऑफर या प्लेटफॉर्म से मिलने वाली रकम की चिंता नहीं है। हम चाहते हैं कि आप लोग फिल्म सिनेमाघरों में देखें, इसे पसंद करें और प्यार दें। दर्शक खुद फिल्म का प्रचार कर रहे हैं। मैंने ऐसा पहले कभी नहीं सुना और न ही देखा है। यह नीम करौरी बाबा का चमत्कार है।'
ओटीटी के बारे में जानकारी नहीं
रागिनी सोना ने आगे कहा, 'नंबर आते-जाते रहते हैं। मैं अपनी पूरी टीम की ओर से साफ कहना चाहती हूं कि हमारे पास ऐसा कोई ऑफर नहीं है और न ही हम अभी ऐसे किसी ऑफर की तलाश में हैं। जो भी फैसला होगा, टीम के साथ चर्चा करके लिया जाएगा। इसकी जानकारी जल्द दी जाएगी। फिल्म सिनेमाघरों में देखिए, क्योंकि हमें खुद नहीं पता कि यह ओटीटी पर कब आएगी।'
हनुमान अंश
- फोटो : सोशल मीडिया
क्या ओटीटी से रिजक्ट हो गई थी 'हनुमान अंश'?
इससे पहले एक इंटरव्यू में फिल्म के निर्देशक ने कहा था कि जब वह कहानी लेकर एक ओटीटी प्लेटफॉर्म के पास गए, तो उनसे पूछा गया कि क्या उनके पास कोई ऐसी भारतीय कहानी है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रासंगिकता हो। उन्होंने महाराज जी यानी नीम करौरी बाबा की कहानी सुनाई और बताया कि कहानी सुनाते समय वह भावुक हो गए थे।
निर्देशक ने महसूस की जिम्मेदारी
चतुर्वेदी ने कहा कि कहानी को रिजेक्ट किए जाने का तरीका उन्हें पसंद नहीं आया। उनके मुताबिक, उन्हें रिजेक्शन से कोई परेशानी नहीं थी क्योंकि फिल्मकार अक्सर रिजेक्शन का सामना करते हैं। लेकिन जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह उन्हें आपत्तिजनक लगी। उन्होंने कहा कि इस घटना ने उन्हें यह महसूस कराया कि भारत के संतों और आध्यात्मिक सोच को एक खास नजरिए से देखा जा रहा है। इसी कारण उन्होंने इस कहानी को लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी और भी ज्यादा महसूस की।
‘हनुमान अंश’
- फोटो : instagram @taranadarsh
'हनुमान अंश' का कलेक्शन
- फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो पहले दिन इसने बॉक्स ऑफिस पर 10 लाख रुपये से खाता खोला था।
- 36वें दिन इसने 10.50 करोड़ रुपये का बिजनेस किया।
- 37वें दिन खबर लिखे जाने तक इसकी कमाई 8.98 करोड़ रुपये हुई।
- इसी के साथ फिल्म का भारत में कुल 182.61 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन हो गया है।