विशाल चतुर्वेदी की फिल्म 'हनुमान अंश' ने दुनिया भर में 450 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है। अब यह ओटीटी पर आने वाली है। शोभिनव सत्या अभिनीत यह फिल्म 27 नवंबर से एक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। अपने ओटीटी लॉन्च से ठीक पहले फिल्म निर्माता ने बड़े प्रोडक्शन हाउस की चुप्पी पर बात की। इन प्रोडक्शन हाउस ने फिल्म के ब्लॉकबस्टर प्रदर्शन के बावजूद इसकी कोई तारीफ नहीं की है। उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म का सीक्वल बनाने पर काम चल रहा है।
फिल्म ने किन धारणाओं को गलत साबित किया?
स्क्रीन से बातचीत में विशाल ने कहा कि 'हनुमान अंश' की बॉक्स-ऑफिस सफलता ने इस धारणा को तोड़ दिया है कि किसी फिल्म के सफल होने के लिए बड़े स्टार्स, भारी-भरकम बजट या किसी बड़े स्टूडियो का सपोर्ट होना जरूरी है। उनके अनुसार, 'थिएटर एक इवेंट वाली जगह है। जब कोई 'इवेंट फिल्म' आती है, तो वह चलती है। अब तक यही माना जाता रहा है कि केवल ऐसी ही फिल्में चलेंगी और बाकी फिल्मों को संघर्ष करना पड़ेगा। लेकिन हमारी फिल्म ने इन सभी धारणाओं को गलत साबित कर दिया है।'
हनुमान अंश
- फोटो : सोशल मीडिया
दर्शक करते हैं फैसला
उन्होंने आगे कहा, 'यह धारणा टूट गई है कि केवल कोई बड़ा स्टार, बड़ा बजट या कोई बड़ा स्टूडियो ही किसी फिल्म को सफल बना सकता है। सिनेमा आम लोगों का माध्यम है। दर्शक फिल्म देखते हैं और तय करते हैं कि वह अच्छी है या नहीं, जबकि पहले आलोचक और सोशल मीडिया ही लोगों को यह बताते थे कि फिल्म कैसी है।'
क्यों हैरान हुए निर्देशक?
विशाल चतुर्वेदी ने इस बात का जिक्र किया कि उन्हें फिल्म इंडस्ट्री से कोई खास समर्थन नहीं मिला। जब उनसे पूछा गया कि फिल्म के हिट होने के बाद इंडस्ट्री का क्या रिएक्शन रहा, तो उन्होंने कहा, 'मैंने देखा है कि जब कोई बड़ी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल होती है, तो कई आधिकारिक बयान आते हैं। लेकिन हमारी फिल्म एक छोटी फिल्म है और इसके निर्देशक भी नए हैं, इसलिए मुझे किसी भी बड़े प्रोडक्शन हाउस की तरफ से कोई बयान देखने को नहीं मिला, एक भी नहीं। यह वाकई हैरान करने वाली बात है।'
फिल्म के निदेशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी
- फोटो : अमर उजाला
किन लोगों ने की फिल्म की तारीफ?
उन्होंने आगे कहा, 'हालांकि, जब लोग मुझसे मिलते हैं, तो वे इस फिल्म की बहुत तारीफ करते हैं। कुछ बड़े दिल वाले लोग जरूर हैं जिन्होंने खुलकर इसकी तारीफ की है, जिनमें वरुण धवन, वीरेंद्र सहवाग और कई अन्य लोग शामिल हैं। लेकिन किसी बड़े स्टूडियो या स्थापित प्रोडक्शन हाउस ने फिल्म की सफलता पर कोई पत्र या बयान जारी नहीं किया।'
क्यों रुका सीक्वल?
इससे पहले विशाल चतुर्वेदी ने 'हनुमान अंश' के सीक्वल की पुष्टि की थी, लेकिन अब खबर है कि इसके प्रोड्यूसर्स-अनुप्रिया नागर, विशाल, रागिनी सोना और नम्रता जी. सिंह के बीच विवाद के कारण यह प्रोजेक्ट रुक गया है।