सार
Govinda Comment About Sunita Ahuja Claims: पिछले दिनों गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने अभिनेता के अफेयर को लेकर बड़ा खुलासा किया था। इन आरोपों पर अब गोविंदा ने चुप्पी तोड़ी है। अपने साथ काम करने वाली हीरोइन से माफी भी मांगी है। जानिए, क्या बोले गोविंदा?
पिछले दिनों सुनीता आहूजा ने एक पाॅडकास्ट में अपने और गोविंदा के रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है। इस बातचीत में उन्होंने गोविंदा पर धोखा देने का आरोप लगाया। युवा और नई हीरोइन के साथ उनके रिश्ते को लेकर तंज कसा। इसी बात को लेकर गोविंदा काफी नाराज हैं। पत्नी सुनीता के आरोपों पर गोविंदा ने खुलकर बात की है।
गोविंदा ने सुनीता के दावों पर क्या कहा?
एएनआई से हालिया बातचीत में गोविंदा ने कहा, ‘मुझ पर यह आरोप कब नहीं लगा? लेकिन जो इल्जाम लगा रहा है वो मेरे बचपन का प्यार है। अब जो प्यार हो रहा है, किसी के सोचने के मुताबिक यह बुढ़ापे का है।’ गोविंदा आगे कहते हैं, ‘मैंने चार सुपरस्टार, मिस यूनिवर्स जैसी हीरोइन के साथ काम किया है। मैंने कभी उनकी तरफ नहीं देखा। एक मेरी हीरोइन ऐसा नहीं कह सकती कि मैंने उन्हें तंग किया। मैं सभी एक्ट्रेसेस को शुक्रिया कहता हूं।’ मेरी जो फिल्में चली हैं, उसके लिए मैं अपने निर्देशकों, हीरोइनों का आभारी हूं।’
ये खबर भी पढ़ें: हीरो नंबर रहे गोविंदा की राह चलीं पत्नी सुनीता आहूजा, एक्टिंग डेब्यू को लेकर लगी अटकलें; जानें क्या है सच्चाई?
गोविंदा ने किससे मांगी माफी?
एएनआई से हुई बातचीत में गोविंदा ने आगे कहा, ‘मैंने कभी किसी हीरोइन के साथ बुरा व्यवहार नहीं किया। अब वह (सुनीता) नाम ले रही हैं। इसलिए मैं माफी मांगता हूं, उन नए लोगों से जो मेरे साथ काम कर रहे हैं। मैं नहीं चाहता हूं कि वह डर जाएं।’ इस तरह गोविंदा ने अपनी पत्नी सुनीता के उन दावों को कहीं ना कहीं खारिज किया, जिसमें नई हीरोइनों को लेकर तंज कसा गया कि वह आगे बढ़ने के लिए गोविंदा के साथ काम करती हैं।
गोविंदा करियर फ्रंट पर क्या कर रहे हैं?
गोविंदा कुछ बड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आएंगे। खबर है कि वह सलमान खान की फिल्म 'बैटल ऑफ गलवां' में नजर आ सकते हैं। लेकिन इस बात को लेकर कोई जानकारी मेकर्स ने नहीं शेयर की है। हां, सलमान खान ने 'बिग बॉस 19' के मंच पर जरूर कहा था कि वह गोविंदा के साथ एक फिल्म में काम कर रहे हैं। वहीं सुनीता आहूजा के भी बॉलीवुड में डेब्यू करने की बात सामने आई है।