हादसे के बारे में कैसे पता चला?
रागिनी खन्ना ने हाल ही में विक्की लालवानी के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान मामा गोविंदा के साथ हुए उस हादसे पर बात की। उन्होंने बताया कि उनके परिवार को पहली बार गोविंदा के साथ हुए हादसे की खबर कैसे मिली थी? रागिनी से जब उस हादसे का जिक्र करते हुए पूछा गया कि क्या हुआ था और आपको कैसे पता चला? इस पर रागिनी ने कहा, 'मेरी मां ने मुझे बताया था। मां के पास एक कॉल आया था, जिसमें बताया गया कि चीची मामा को गोली लग गई है। हमें यह सुनकर धक्का लगा। मैंने मां से पूछा, किसने मारा? मां ने कहा, 'खुद से लगी है'।
सुनकर लगा था सदमा
रागिनी ने आगे कहा, 'मम्मी तुरंत अस्पताल की तरफ भागी। मुझे सुनकर सदमा लगा। मेरे कुछ अजीब-अजीब रिएक्शन निकले। मैं बहुत इमोशनल हो गई थी उस वक्त, इसलिए मैंने उस वक्त थोड़ा देर से जाने का फैसला किया। मैं इमोशनल थी, ऐसे में मैंने सोचा कि हाइपर होकर मैं माहौल न खराब कर दूं, इसलिए करीब तीन घंटा देर से पहुंची।' रागिनी से जब पूछा गया कि पता चला क्या हुआ था? इस पर एक्ट्रेस ने कहा, 'गलती से उन्हें गोली लग गई थी। गन गिर गई थी शायद'।
अस्पताल पहुंचे थे 200 पुलिसकर्मी
रागिनी से जब पूछा गया कि फैंस अब भी इस थ्योरी पर बहुत यकीन नहीं करते कि गोविंदा ने गलती से खुद को गोली मारी थी। इस पर रागिनी खन्ना ने जवाब दिया, 'अस्पताल में ही 200 पुलिस वाले थे और उनके घर के बाहर 50 पुलिस वाले इस मामले की शिनाख्त के लिए पहुंचे थे। अगर यह सच नहीं होता तो आप इस तरह की स्थिति से कैसे बच सकते हैं? मुझे हमारी पुलिस पर पूरा भरोसा है। उन्होंने अपनी पूरी जांच की है और उन्हें संतोषजनक नतीजे मिले हैं, क्योंकि अगर कोई और शामिल होता, तो वह इतनी बड़ी हस्ती के साथ ऐसा करने के बाद बच नहीं सकता था। वह एक महीने में ठीक हो गए, वह एक महीने में अपने पैरों पर खड़े हो गए'।