International Film Festival of India
- फोटो : amar ujala mumbai
इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इन्डिया (आईएफएफआई) के 50 साल पूरे होने के अवसर पर भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने इस बार के कान फिल्म समारोह में एक विशेष पोस्टर जारी किया। सूचना एवं प्रसारण सचिव अमित खरे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल कान में आईएफएफआई के गोल्डन जुबली संस्करण का प्रचार करने पहुंचे।
सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन के अध्यक्ष प्रसून जोशी,जानी मानी फिल्मकार रीमा दास और जाने माने संगीतकार ए आर रहमान भी इस खास मौके पर मौजूद थे। इस मौके पर अमित खरे ने भारत में रीजनल सिनेमा की बढ़ती अहमियत और साथ ही साथ भारत में फिल्म की शूटिंग को लेकर आसानी पर भी गौर किया। भारत में शूटिंग को बढ़ावा देने के मकसद से फिल्मकारों के लिए शूटिंग की मंजूरी से संबंधित सुविधा केंद्र, ‘फिल्म सुविधा कार्यालय’ और फिल्म की पायरेसी के खिलाफ सरकार द्वारा उठाये गये कदमों का भी प्रचार किया।
कान फिल्म फेस्टिवल के एक्जेक्यूटिव डायरेक्टर जेरेमी पाइलार्ड ने भी दुनिया भर के फिल्मकारों की भारत और भारतीय फिल्मकारों की ओर बढ़ती उनकी इच्छा भी ज़ाहिर की। इस बात पर प्रसून जोशी और रीमा दास ने भी अपना उत्साह सबके समक्ष रखा।