करण जौहर, अनुराग कश्यप, जोया अख्तर और दिबाकर बनर्जी नए साल पर लोगों का अनोखे तरीके से मनोरंजन करने वाले हैं। दरअसल चारों के निर्देशन में बनी नेटफ्लिक्स की फिल्म 'घोस्ट स्टोरीज' की रिलीजिंग डेट सामने आ चुकी है। फिल्म निर्माताओं ने अपनी बहुप्रतीक्षित परियोजना की कहानी की झलक भी सोशल मीडिया पर साझा की है। रिलीजिंग डेट की घोषणा एक वीडियो के माध्यम से सोशल मीडिया पर की गई है। इसके साथ ही फिल्म का फर्स्ट लुक भी सामने आ चुका है।
वीडियो के शुरुआत अनुराग कश्यप से होती है जिसमें वह कहते हैं, 'पिछले साल हमने 'लस्ट स्टोरीज' की थी जिसमें हमें बहुत ही आनंद आया था।' आगे करण जौहर कहते हैं, 'आप सभी ने वह देखा और आपको वह अच्छा लगा। जिसके बाद हमने इसके एक कदम और आगे जाने का निर्णय लिया। कुछ चीजें जिसने हम सबके लिए सबकुछ बदल दिया।' वहीं जोया कहती नजर आती हैं, 'हमने एक ऐसी चीज का निर्माण किया जो हमने पहले कभी नहीं किया था।' वहीं दिबाकर ने बताया, 'यह उन चीजों के बारे में है जो वास्तव में मानव नहीं हैं।' वीडियो में आगे फिल्म की कहानी के बारे में भी पता चलता है।