जहां एक ओर खबरें आ रही हैं कि 'बाहुबली 2' ने 1500 करोड़ की कमाई कर इतिहास रच दिया है वहीं 'गदर' के डायरेक्टर अनिल शर्मा इसे लेकर अलग ही सोच रखते हैं। 'बाहुबली' के बाद 'बाहुबली 2' का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। फिल्म को लोगों ने काफी सराहा भी लेकिन क्या वाकई में इसे रिकॉर्ड तोड़ फिल्म कहना सही होगा?
दरअसल, अनिल शर्मा का कहना है कि ये सब समय-समय की बात है। साल 2001 में 'गदर एक प्रेम कथा' आई थी। उस समय इसने 265 करोड़ कमाए थे। अगर आज के हिसाब से देखें तो ये आंकड़ा 5000 करोड़ होता है। ऐसे में 'बाहुबली 2' ने कोई रिकॉर्ड नहीं बनाया है।
अनिल यहां अपने बेटे उत्कर्ष की डेब्यू फिल्म 'जीनियस' की लॉन्चिंग के अवसर पर मौजूद थे।
'बाहुबली 2 ने नहीं बनाया कोई रिकॉर्ड'
जावेद अख्तर, धर्मेंद, उत्कर्ष, अनिल शर्मा और हेमा मालिनी
उनसे यहां 'बाहुबली 2' जिसने की हजारों करोड़ का रिकॉर्ड बना दिया है जैसी फिल्मों के बारे में पूछा गया। ये सवाल उनसे पहले भी कई बार पूछा जा चुका है जिस पर उन्होंने कहा, 'मुझे इन सब में ना लाएं। अगर कोई अच्छी फिल्म आएगी तो रिकॉर्ड टूटेंगे ही। जहां तक बाहुबली 2 की बात है तो इस फिल्म ने ऐसा कुछ नहीं किया है।'
उन्होंने आगे कहा, 'जैसा कि मैंने पहले बताया कि 2001 में गदर ने 265 करोड़ कमाए थे, उस समय टिकट के सिर्फ 25 रुपए का हुआ करता था, अगर आज के समय से इसकी तुलना की जाए तो ये 5000 करोड़ रुपए होता है और बाहुबली 2 ने सिर्फ 1500 करोड़ ही कमाए हैं। इसलिए कोई रिकॉर्ड नहीं टूटा है।'
उत्कर्ष पहले 'गदर' में बच्चे के रोल में नजर आ चुके हैं और वो अपनी 'जीनियस' को लेकर काफी कॉन्फीडेंट हैं। इस मौके पर वहां धर्मेंद, हेमा मालिनी और जावेद अख्तर भी मौजूद थे।