बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर अपनी आगामी फिल्म 'बत्ती गुल मीटर चालू' को लेकर काफी उत्साहित लग रहे हैं। आज सुबह उन्होंने इस फिल्म से जुड़ा पहला पोस्टर रिलीज किया था। जिसमें बिजली का एक फ्यूज बल्ब नजर आ रहा है। इस पोस्टर के बाद अब शाहिद ने 'बत्ती गुल मीटर चालू' का दूसरा पोस्टर भी रिलीज कर दिया है। इसके साथ ही इस फिल्म में शाहिद कपूर के लुक का भी खुलासा हो गया है।
पहले पोस्टर की तरह शाहिद ने दूसरे पोस्टर को भी अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। 'बत्ती गुल मीटर चालू' का पोस्टर शेयर करते हुए शाहिद कपूर ने कैप्शन भी दिया है। उन्होंने कैप्शन में लिखा- 'दुनिया में सबसे ऊपर का एहसास, कल से ट्रेलर चालू।' शाहिद की इस बात से यह भी साबित हो गया है कि इस फिल्म का ट्रेलर कल लॉन्च होगा।
फिल्म 'बत्ती गुल मीटर चालू' में शाहिद के अलावा श्रद्धा कपूर और यामी गौतम भी मुख्य भूमिका में हैं। बात करें फिल्म 'बत्ती गुल मीटर चालू' की कहानी की तो यह उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर बनी और बिजली विभाग में चल रहे भ्रष्टाचार पर आधारित फिल्म है। इसकी कहानी एक ऐसी व्यक्ति पर आधिरत है जो बिजली कटौती के चलते आत्महत्या कर लेता है। यह फिल्म 21 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं फिल्म का ट्रेलर कल यानी 10 अगस्त को रिलीज होगा।