Ayushmann Khurrana,Amitabh Bachchan
- फोटो : amar ujala mumbai
बैक टू बैक छह हिट फिल्में दे चुके मशहूर अभिनेता आयुष्मान खुराना की फिल्म बाला के बाद रिलीज होने जा रही फिल्म गुलाबो सिताबो की रिलीज डेट बदल गई है। ये फिल्म अब अपनी तय रिलीज तारीख दो महीने पहले रिलीज होने जा रही है। फिल्म में आयुष्मान खुराना का फर्स्ट लुक भी इसके निर्माताओं ने बुधवार को जारी कर दिया।
अपनी हर फिल्म में एक अलग किरदार और एक अलग कहानी की तलाश में रहने वाले अभिनेता आयुष्मान खुराना की नई फिल्म बाला 8 नवंबर को रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म की कहानी को लेकर तमाम कोर्ट कचहरी चल रही है और इसी जैसी कहानी पर बनी फिल्म उजड़ा चमन इसी शुक्रवार यानी 1 नवंबर को रिलीज होने जा रही है।
बाला के बाद आयुष्मान खुराना की रिलीज होने वाली अगली फिल्म होगी, गुलाबो सिताबो। इस फिल्म में वह पहली बार अमिताभ बच्चन के साथ नजर आएंगी। मशहूर निर्देशक शूजीत सरकार के निर्देशन में बनी इस फिल्म की शूटिंग लखनऊ में हुई है और इसमें अमिताभ बच्चन एक खानदानी नवाब बने हैं जिनकी हवेली में आयुष्मान का किरदार एक किराएदार के रूप में रहने आता है। फिल्म की कहानी मकान मालिक और किराएदार के बीच चलती रहने वाली खींचतान पर आधारित है।
बुधवार को इस फिल्म में आयुष्मान और अमिताभ बच्चन का आधिकारिक फर्स्ट लुक जारी किया गया। इसके साथ ही ये भी बताया गया कि ये फिल्म अब अगले साल 28 फरवरी को रिलीज होगी। पहले ये फिल्म 24 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी। अमिताभ बच्चन की एक और फिल्म चेहरे शूजीत की फिल्म गुलाबो सिताबो से ठीक हफ्ता भर पहले रिलीज हो रही है।