बॉलीवुड के दिवंगत म्यूजिक कंपोजर आदेश श्रीवास्तव के बेटे अवितेश के खिलाफ मुंबई पुलिस में मारपीट का मामला दर्ज हुआ है । अवितेश पर आरोप है कि उन्होंने एक म्यूजिक डायरेक्टर को बंधक बनाया और उनके साथ मारपीट की । डायरेक्टर ने अवितेश के खिलाफ पुलिस में शिकायत की और केस दर्ज करवाया ।
मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन में अवितेश के खिलाफ केस दर्ज हुआ है । शिकायत में कहा गया कि अवितेश ने म्यूजिक डायरेक्टर आनंद त्रिपाठी को स्टूडियो के अंदर बंद कर दिया । इसके बाद वो पुलिस की मदद से बाहर आए । आनंद ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अवितेश से एक स्टूडियो किराए पर लिया था ।
इसके लिए वो अवितेश को 1 लाख रुपए प्रति महीना देते थे । उन्होंने चार लाख का डिपॉजिट भी जमा करवाया था । आनंद ने ये स्टूडियो मार्च में खाली कर दिया था । अवितेश लगातार उनसे कॉन्ट्रैक्ट तोड़ने का आरोप लगाते हुए 12 लाख रुपए की मांग कर रहे थे ।
खबर के अनुसार, अवितेश ने गुरुवार को स्टूडियो में आनंद त्रिपाठी को समझौते के लिए बुलाया । इसके बाद अवितेश ने आनंद के साथ मारपीट और गाली-गलौज की । साथ ही अवितेश ने उन्हें स्टूडियो में बंद कर दिया । आनंद की शिकायत पर अवितेश के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है ।
पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है । बता दें कि अवितेश के पिता आदेश श्रीवास्तव मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर थे । सितंबर 2015 में उनका कैंसर से निधन हो गया था ।