राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता रीमा दास ने दो और अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम कर लिए हैं। रीमा ने हाल ही में अपनी फिल्म 'बुलबुल कैन सिंग' के लिए प्रतिष्ठित 2019 डबलिन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के डबलिन फिल्म क्रिटिक्स सर्कल (DFCC) में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार जीता और इसी फिल्म के लिए उन्हें क्लीवलैंड इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (CIFF) में 'समवन टू वॉच’ अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
इस सप्ताह की शुरुआत में रीमा दास ने फिल्म 'बुलबुल कैन सिंग' के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का डब्लिन फिल्म क्रिटिक्स सर्कल जूरी अवार्ड जीता था। इसी फिल्म के लिए क्लीवलैंड अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में सम्मानित होंगी जो 27 मार्च से शुरू हो रहा है। रीमा ने बताया कि उनकी फिल्में 'विलेज रॉकस्टार्स' और 'बुलबुल कैन सिंग' दोनों के केंद्र में मजबूत महिला किरदार हैं। यह अच्छी बात है कि समीक्षक व दर्शक इस तरह की कहानियों के प्रति सकारात्मक रुख दिखा रहे हैं। जो यह दर्शाता है कि यह बात कोई मायने नहीं रखती कि फिल्म को पुरुष ने निर्देशित किया है या महिला ने।
Bulbul Can Sing
- फोटो : social media
रीमा ने यह भी कहा कि 'कन्टेंट' ही क्वीन है और मैं फिल्म उद्योग में ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को अपनी पहचान बनाते और साथी महिलाओं के लिए इसके दरवाजे खोलते देखना चाहूंगी। साल 2017 में आई 'विलेज रॉकस्टार्स' असमिया फिल्म है, जो ऑस्कर 2019 में भारत की आधिकारिक प्रविष्टी के तौर पर चयनित हुई थी। रीमा दास ने लेखक-निर्देशक-निर्माता के रूप में डेब्यू फिल्म, मैन विथ बायनोकलर्स (अंतरदृष्टि) का प्रीमियर टालिन ब्लैक नाइट्स फिल्म फेस्टिवल 2016 में किया था।
रीमा की दूसरी फिल्म विलेज रॉकस्टार्स थी जिसका डिस्कवरी सेक्शन के तहत टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2017 में प्रीमियर हुआ था। फिल्म ने 70 से अधिक प्रसिद्ध फिल्म समारोहों में सराही गई और चार राष्ट्रीय पुरस्कार (सर्वश्रेष्ठ फीचर, सर्वश्रेष्ठ संपादन, ऑडियोग्राफी और बाल कलाकार) सहित 44 अन्य पुरस्कार जीते हैं। उनकी तीसरी फिल्म थी 'बुलबुल कैन सिंग' जिसका वर्ल्ड प्रीमियर टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2018 में किया गया। इसके बाद बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में साउथ एशियन प्रीमियर और 20 वें जेओ एमएएमआई मुंबई फिल्म फेस्टिवल में इंडियन प्रीमियर में गोल्ड इंडिया में गोल्डन गेटवे अवार्ड जीता।