फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अड़े धोनी, अब नहीं बनेगी उन पर फिल्म

विज्ञापन
विज्ञापन
लंबे समय से चर्चा थी कि भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की जिंदगी पर फिल्म बनने जा रही है। बॉलीवुड और क्रिकेट का पुराना रिश्ता है और कुछ निर्माता धोनी के मध्यम वर्ग से आकर क्रिकेट प्रेमियों के दिमाग में छाने की कहानी को पर्दे पर उतारना चाहते हैं। लेकिन अब उनके इरादे बदलते नजर आ रहे हैं।
विज्ञापन


इसका जिम्मेदार खुद धोनी को भी बताया जा रहा है। भारत को टी-20 और वन डे वर्ल्ड कप जिताने वाले धोनी जिस तरह से विदेश में टेस्ट सीरीज हारते आ रहे हैं, उससे उनकी लोकप्रियता एक तो जमकर गिरी है। दूसरी बात सूत्रों का यह दावा है कि धोनी अपनी जिंदगी कहानी बेचने के लिए निर्माताओं से 45 करोड़ रुपये की मांग कर रहे हैं। इसे सुन कर निर्माताओं को पसीना छूट गया है।

शुरुआत में कर दिया हां

सूत्रों की मानें तो धोनी ने शुरुआत में उत्साह में आकर फिल्म निर्माण को हां कर दी थी। नीरज पांडे इस फिल्म को डायरेक्ट करने का इरादा बनाए हुए हैं, जबकि कहा जा रहा है कि सुशांत सिंह राजपूत धोनी का रोल निभाएंगे।

राजपूत को अभी बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कामयाबी नहीं मिली है, लेकिन फिल्म ‘काय पो चे’ में उन्होंने क्रिकेट कोच की भूमिका निभाई थी। बताया जाता है कि सुशांत ने पिछले दिनों धोनी के घर रांची जाकर उनसे मुलाकात भी की थी, ताकि रोल की तैयारी शुरू कर सकें।

दोनों के बीच एक मुलाकात कुछ महीने पहले मुंबई के बांद्रा स्थित पांच सितारा होटल में भी हुई थी। अब खबर है कि धोनी पर बनने वाली यह फिल्म मुश्किल में पड़ गई है। सूत्रों के अनुसार पैसों को लेकर धोनी का जिद्दी रवैया निर्माताओं को रुला रहा है।

लगने लगा घाटे का सौदा

धोनी पर फिल्म बनाने का आइडिया भले ही उत्साहजनक लगे लेकिन जब निर्माता बॉक्स ऑफिस का गणित देखने बैठे तो उनके छक्के छूट गए। सूत्रों की  मानें तो जब धोनी ने अपनी कहानी के 45 करोड़ रुपये मांगे तो निर्माताओं ने बॉक्स ऑफिस का हिसाब लगाया।

उन्होंने पाया कि यदि इतना पैसा धोनी को दिया जाए और फिर कई करोड़ में फिल्म बनाई जाए तो वे लोग डूब ही जाएंगे। बॉक्स ऑफिस गणित के अनुसार धोनी पर मोटी रकम लगाने पर वह तभी वापस आएगी जबकि कोई खान, अक्षय कुमार या ऋतिक रोशन जैसा सितारा फिल्म करे। परंतु ये लोग किसी हालत में राजी नहीं होंगे और धोनी के रोल में फिट भी नहीं दिखेंगे।

सुशांत कोई सितारे भी नहीं

सुशांत सिंह राजपूत कोई सितारा नहीं हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर अपने दम सौ करोड़ का बिजनेस करा लें। उस पर धोनी की जिंदगी में भी कोई ऐसा ड्रामा नहीं है जो उन्हें विवादित या बहुत दिलचस्प इंसान बनाता है। ऐसे मे सवाल यह उठता है कि यदि 75 से सौ करोड़ रुपये की लागत में धोनी की जिंदगी पर कोई फिल्म बनती है तो आखिर उससे कितना पैसा वसूल हो सकेगा?

सूत्रों के मुताबिक निर्माता नए सिरे से इस प्रोजेक्ट के बारे मे सोच रहे हैं। अब मामला यही है कि अगर धोनी ने धन का लालच नहीं छोड़ा तो उनकी जिंदगी पर फिलहाल तो कोई फिल्म नहीं बनने जा रही। वैसे इस बात से भी सब वाकिफ हैं कि एक बार अगर धोनी के हाथ से टीम की कप्तानी गई या उन्होंने संन्यास ले लिया तो फिर निश्चित ही कोई दूसरा उनकी जगह भर देगा।
विज्ञापन

विराट की स्टोरी ज्यादा दिलचस्प

सब जानते हैं कि बाजार किसी के लिए ठहरा नहीं रहता। हो सकता है कि किसी को विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की लवस्टोरी धोनी की जिंदगी से ज्यादा दिलचस्प लग जाए। जहां तक फिल्म निर्माण की बात है तो खेल या खिलाड़ी अब भी बॉलीवुड के लिए ऐसा विषय है, जिस पर फिल्म बनाना जोखिम भरा है।

‘पान सिंह तोमर’, ‘मिल्खा सिंह’ और ‘मैरी कॉम’ की जिंदगियों पर फिल्में कोई बहुत बड़े बजट में नहीं बनी। मिल्खा सिंह ने जहां एक रुपये की प्रतीकात्मक फीस पर अपनी जिंदगी पर फिल्म बनाने की इजाजत निर्देशक राकेश ओमप्रकाश मेहरा दी थी।

वहीं मैरी कॉम के बारे में भी कहा जा रहा है कि वह बहुत कम फीस पर राजी हुई हैं। पूर्व क्रिकेटर अजहरुद्दीन को अपनी जिंदगी पर फिल्म बनने के एवज में दस करोड़ रुपये से भी कम मिल रहे हैं। तब धोनी को 45 करोड़ देने से पहले निर्माता सौ बार क्यों नहीं सोचेंगे?

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें