राजकुमार राव और श्रुति हासन स्टारर फिल्म 'बहन होगी तेरी' एक बार फिर चर्चा में आ गई है। फिल्म के डायरेक्टर अजय कुमार पन्नालाल और प्रोड्यूसर टोनी डिसूजा को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया गया है।
दरअसल, चार अप्रैल को फिल्म का पोस्टर रिलीज किया गया था जिसमें राजुमार राव भगवान शिव के अवतार में नजर आ रहे हैं। वो एक मोटरसाइकिल पर बैठे हुए हैं।
हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के अनुसार, 'ब्लू' और 'बॉस' जैसी फिल्में बना चुके प्रोड्यूसर टोनी डिसूजा को धार्मिक भवानाएं आहत करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। सूत्रों ने उनकी गिरफ्तारी की खबरों को कंफर्म किया और कहा कि वकील जल्द ही इस बारे में अपना ऑफिशियल स्टेमेंट जारी करेंगे।
सूत्रों ने बताया, 'पुलिस जलंधर से इनके खिलाफ अरेस्ट वॉरंट लेकर मुंबई आई थी। दोनों का पहले मेडिकल टेस्ट करवाया और फिर कस्टडी में ले लिया गया।'
जब मीडिया ने वर्सोवा की पुलिस से इस बारे में बात की तो उन्होंने गिरफ्तारी की खबरों से इनकार कर दिया। एक अधिकारी ने बताया, 'अभी तो फिलहाल ऐसी कोई एंट्री नहीं हुई है इसलिए हम कुछ कह नहीं सकते। जब हमारे सीनियर ऑफिसर आ जाएंगे, तभी हम कुछ कह पाएंगे।'
अपने एक इंटरव्यू में राजकुमार ने फिल्म में अपने लुक के बारे में बताया था, 'मैं इसमें गट्टू नाम के लड़के का किरदार निभा रहा हूं जो एक जागरण मंडी में काम करता है। इस मंडली को श्रुति हासन के परिवार का ही एक सदस्य चलाता है। गट्टू जागरण मंडली में शिव का किरादर निभाता है।'
फिल्म 9 जून को रिलीज होने वाली है।