जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आंतकी हमले के विरोध में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने इम्प्लॉइज (FWICE) ने रविवार को मुंबई फिल्म सिटी में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। फिल्म और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े सेलेब्स ने आज काला दिवस मनाया और दो घंटे का काम बंद किया। इस दौरान पोस्ट प्रोडक्शन कार्य भी बंद रहे।
इस दौरान फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने इम्प्लॉइज ने बॉलीवुड में पाकिस्तानी कलाकारों पर बैन लगाने की घोषणा की। इतना ही नहीं FWICE ने फैसला किया है कि अब भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के गाने भी रिलीज नहीं होंगे।
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने इम्प्लॉइज फेडरेशन के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने बताया कि वीरगति को प्राप्त हुए सीआरपीएफ के 40 जवानों को श्रद्धांजलि देने कलाकारों के अलावा कई क्रिकेट खिलाड़ी भी पहुंचे। इसके अलावा FWICE ने नवजोत सिंह सिद्धू को बहिष्कार करने की बात भी कही है। इस दौरान पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए और पाकिस्तान के झंडे भी जलाए गए।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ काफिले पर हमले में 40 जवानों के शहीद होने की घटना से पूरा देश गुस्से में है। घटने की निंदा करते हुए सबसे पहले अक्षय कुमार, प्रियंका चोपड़ा, विक्की कौशल, अनुपम खेर, अभिषेक बच्चन समेत कई सितारों ने अपनी प्रतिक्रिया दी। देशभर से शहीद हुए जवानों के परिवार की मदद के लिए लोग आगे आ रहे हैं।