फेसबुक के जरिए दोस्ती कर 22 वर्षीय महिला की तस्वीर से छेड़छाड़ कर इसे वायरल करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक का नाम कृष्णा बघेल बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खास बात यह कि आरोपी युवक को पीड़ित युवती के पिता ने एक फिल्म का ऑफर देने के बहाने मुंबई बुलाया था और यहीं पर पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर लिया।
बता दें आरोपी ने 6 महीने पहले युवती से फेसबुक के जरिए दोस्ती की थी। फिर सोशल मीडिया पर बातचीत के दौरान ही एक रोज आरोपी ने युवती को शादी के लिए प्रपोज किया। बघेल के इस प्रस्ताव पर युवती ने शादी से इनकार कर दिया, युवती के इंकार करने पर युवक ने सोशल मीडिया से ली युवती की एक तस्वीर के साथ छेड़छाड़ कर पोस्ट कर दिया।
युवती ने इसकी शिकायत मुंबई के साकीनाका थाने में दर्ज कराई और फिर युवती के पिता ने आरोपी युवक को पकड़ने के लिए प्यान बनाया। युवती के पिता ने आरोपी युवक को फोन कर कहा कि वो 'मैं हूं ऑटो वाला' फिल्म में उन्हें कास्ट करना चाहते हैं इसलिए जल्द से जल्द वह मुंबई आ जाए। फिर पुलिस की मदद से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने युवक के खिलाफ आईटी ऐक्ट और युवती के साथ छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।