प्यार के साइड इफेक्ट के बाद दर्शकों को अब शादी के साइड इफेक्ट भी देखने को मिलेंगे। बालाजी मोशन पिक्चर्स और प्रीतिश नंदी कम्यूनिकेशन्स मिलकर 2006 में रिलीज हुई फिल्म 'प्यार के साइड इफेक्ट्स' का सीक्वल बनाने जा रहे हैं। इस फिल्म का नाम 'शादी के साइड इफेक्ट्स' होगा।
'प्यार के साइड इफेक्ट' फिल्म में राहुल बोस और मल्लिका शेरावत की मुख्य भूमिका थी। इस फिल्म की सीक्वल फिल्म में यह दोनों ही कलाकार नहीं होंगे। 'शादी के साइड इफेक्ट्स' में फरहान अख्तर और विद्या बालन मुख्य भूमिकाएं निभाते नजर आएंगे।
फिल्म का एनाउंस करते हुए एकता कपूर ने कहा कि फरहान के साथ काम करके बहुत मजा आएगा क्योंकि वह बहुत प्रतिभाशाली कलाकार हैं और बालन का तो जवाब ही नहीं, वह मेरी पसंदीदा अभिनेत्री हैं। फिल्म में इनके अलावा वीर दास, राम कपूर उनकी पत्नी गौतमी, गायिका-अभिनेत्री इला अरुण और गायक हरिहरन हैं जो फरहान के पिता की भूमिका करेंगे।
'प्यार के साइड इफेक्ट्स' के सिड और त्रिशा इस संस्करण में पति पत्नी के रुप में नजर आएंगे। प्रीतिश नंदी ने कहा कि फरहान और बालन सिड और त्रिशा के लिए एकदम फिट हैं। इस रोमेंटिक कॉमेडी की शूटिंग 17 फरवरी से होगी और यह 6 दिसंबर को रिलीज होगी।