धर्मेंद्र की प्रार्थना सभा में पहुंचे फैंस इंतजार करते हुए
- फोटो : अमर उजाला
बाहर ही इंतजार करते रहे फैंस
हेमा मालिनी, एशा और अहाना देओल ने डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, जनपथ, नई दिल्ली में धर्मेंद्र की याद में प्रार्थना सभा रखी है। राजनीतिक जगत की कई दिग्गज हस्तियां यहां पहुंची हैं। इसी के साथ दिल्ली की कई जगहों से धर्मेंद्र के फैंस की भीड़ भी उमड़ पड़ी। कोई धर्मेंद्र के पोस्टर हाथों में थामे आया तो कोई उनकी तस्वीर छपी टी-शर्ट पहनकर आया। मगर, उन्हें अंदर एंट्री नहीं मिली। फैंस को यह कहकर गेट पर रोक दिया गया कि, 'अभी वीआईपी आ रहे हैं। प्रोटोकॉल है। बाद में फैंस के लिए क्या व्यवस्था है, वह बताया जाएगा'।
फैंस हुए मायूस
धर्मेंद्र की प्रार्थना सभा में पहुंचे फैंस ने मायूसी जताई। कुछ ने कहा, 'यह बात स्पष्ट क्यों नहीं की थी कि आम आदमी को एंट्री नहीं मिलेगी'। फैंस ने कहा, 'हमें डेढ़ घंटे से ऊपर हो गया है, यहां खड़े-खड़े। आप गुहार लगाओ, हमें भी अंदर प्रवेश दिया जाए'। खजूरी से पहुंचे एक फैन ने कहा, 'धर्मेंद्र से तो जीवनभर का नाता जुड़ गया है। उनकी हर बात में दम था। उनकी सारी फिल्में देखता रहता हूं। उनकी फिल्म 'शोले' देखूंगा।
नई दिल्ली में आयोजित हुई धर्मेंद्र की प्रार्थना सभा
- फोटो : अमर उजाला
इंतजार करते रहे, मगर नहीं मिली अंदर जाने की इजाजत
एक प्रशंसक ने कहा, 'मैं बचपन से धरम जी का दीवाना रहा हूं। वे मेरे आइडल रहे हैं। मुझे उनके निधन का बहुत दुख है। मैं मुंबई उनके आखिरी दर्शन के लिए जाना चाहता था, लेकिन नहीं जा पाया। फिर पता चला कि हेमा मालिनी ने उनके लिए यहां दिल्ली में प्रार्थना सभा रखी है तो यहां पहुंच गया। मगर, हमें एंट्री नहीं मिली है। मैं उन्हें श्रद्धांजलि देना चाहता हूं। इंतजार में हूं कि हमें भी एंट्री मिले'।