हिंदी सिनेमा का इन दिनों प्रश्नवाचक चिन्ह काल चल रहा है। फिल्म संजू में जिस बात की तरफ इशारा किए जाने पर तमाम फिल्म पत्रकार निर्माता निर्देशक राजकुमार हीरानी से नाराज हो गए थे, वही काम इन दिनों मुंबई में खूब हो रहा है। हर दूसरे तीसरे दिन किसी लो प्रोफाइल फिल्म निर्माता या किसी सीधे-साधे कलाकार के कंधे पर बंदूक रखकर सुर्खियों में बने रहने के लिए बेकरार कुछ कलाकार गोली चला रहे हैं। इस बार कंधा है राजकुमार राव का और गोली चलाने वाले हाथ वरुण धवन के करीबियों के हैं।
कुछ ही दिन पहले वरुण धवन खेमे से एक खबर उछाली गई थी कि वह निर्माता दिनेश विजन की बीते साल की सुपरहिट फिल्म स्त्री की रीमेक में काम करने जा रहे हैं। दावा ये किया गया कि वरुण के इस फिल्म के लिए हां करने के बाद इस फिल्म से राजकुमार राव की छुट्टी हो गई है। दिनेश विजन से जब ये बात सीधे सवाल करके पूछी गई तो उन्होंने कोई जवाब देने की बजाय चुप्पी साधे रहना बेहतर समझा। आखिर, उनकी फिल्म का फ्री का प्रमोशन जो हो रहा था।
लेकिन, अमर उजाला इस खबर की पड़ताल में लगा रहा और इस बार सीधे वरुण धवन से ये सवाल पूछा गया। अपनी अगली फिल्म कलंक के प्रमोशन के सिलसिले में अमर उजाला से मिले वरुण से जब पूछा गया कि क्या आपने स्त्री की सीक्वेल साइन की है या इस फिल्म के लिए आपके पास कोई प्रस्ताव आया है तो उनके चेहरे पर शरारती बच्चों वाली मुस्कान ने लिफाफा बनकर असली मजमून बता दिया।
सवाल दोहराने पर वरुण बोले, ‘यह किसी अफवाह से कम नहीं हैं। न तो इस फिल्म के लिए अब तक किसी ने मुझसे बात की है और न ही इस फिल्म में मैंने राजकुमार राव की जगह ली है।’ वरुण धवन के इस इकबालिया बयान को पढ़कर राजकुमार राव और स्त्री फिल्म के प्रशंसक जरूर राहत की सांस लेंगे।