मुंबई में लगे इस आंशिक लॉकडाउन का फैसला सामने आने के बाद से ही तमाम फिल्म, टीवी व वेब सीरीज निर्माताओं ने अपनी शूटिंग गोवा में शिफ्ट करने की योजना बनानी शुरू कर दी। मोहित सूरी जैसे निर्देशक अपनी फिल्म ‘एक विलेन रिटर्न्स’ के सितारों के साथ वहां पहले से ही पहुंचे हुए हैं। लेकिन, बीते दो दिन से गोवा में फिल्म, टीवी व वेब सीरीज सितारों की आमद एकदम से बढ़ी है। वहां के बंगलों व होटलों में कलाकारों व तकनीशियनों की बढ़ती भीड़ देख गोवा प्रशासन भी चौकन्ना हो गया है।
गोवा में फिल्म की शूटिंग का सारा कामकाज देखने वाली एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा ने इस बारे में स्पष्ट किया है कि बिना उसके कार्यालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र हासिल किए गोवा राज्य में शूटिंग करना गैरकानूनी है। ये शूटिंग सिर्फ वही लाइन प्रोड्यूसर्स गोवा में करा सकते हैं जो पहले सोसाइटी के कार्यालय में और गोवानी प्रोड्यूसर्स एंड प्रोडक्शन हाउसेज में पंजीकृत हैं।
सोसाइटी ने अपने 8 अप्रैल को जारी आदेश का हवाला देते हुए दोहराया है कि गोवा राज्य में बिना सोसाइटी से अनापत्ति प्रमाण पत्र हासिल किए तमाम फिल्मों की गैरकानूनी शूटिंग चलते होने की सूचना उसे मिल रही है। सोसाइटी ने कहा कि गोवा में शूटिंग करने के लिए फिल्म, टीवी या वेब सीरीज के बारे में पूरी सूचना सोसाइटी में दर्ज होना जरूरी है। बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र हासिल किए गोवा में शूटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात भी गोवा एंटरटेनमेंट सोसाइटी में कही है।